Saturday, May 23, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय सुजान गंगा नहर में मिला युवक का शव, आरबीएम अस्पताल की मोर्चरी...

सुजान गंगा नहर में मिला युवक का शव, आरबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया

0
6

भरतपुर, 23 अप्रैल ( आईएएनएस)। भरतपुर के मथुरा गेट थाना क्षेत्र के चौबुर्जा इलाके में स्थित सुजान गंगा नहर में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।

रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने नहर में शव उतराता हुआ देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही मथुरा गेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को निकालने के लिए सिविल डिफेंस टीम की मदद ली गई।

मथुरा गेट थाने के एएसआई नरेंद्र कुमार ने बताया कि सुबह पुलिस को सूचना मिली थी कि चौबुर्जा क्षेत्र में सुजान गंगा नहर के अंदर एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन शव नहर के बीच में होने के कारण उसे निकालना आसान नहीं था। इसके बाद सिविल डिफेंस टीम को बुलाया गया। टीम ने काफी मशक्कत के बाद शव को नहर से निकाला।

खबर फैलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र करीब 30 वर्ष बताई जा रही है। युवक की तलाशी के दौरान उसके पास से कोई पहचान पत्र या अन्य दस्तावेज नहीं मिले, जिससे उसकी पहचान हो सके।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि शव करीब तीन दिन पुराना है। शव की हालत को देखते हुए माना जा रहा है कि युवक काफी समय से पानी में पड़ा हुआ था। हालांकि उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका अभी तक खुलासा नहीं हो सका है।

फिलहाल पुलिस ने शव को भरतपुर के आरबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों में युवक की पहचान के लिए जानकारी जुटा रही है और गुमशुदगी के रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं।