Sunday, May 24, 2026
SGSU Advertisement
Home Student & Youth यूपी में सरकारी भर्ती का ऐलान: यूपीएसएसएससी ने 2,285 पदों पर निकाली...

यूपी में सरकारी भर्ती का ऐलान: यूपीएसएसएससी ने 2,285 पदों पर निकाली वैकेंसी, 29 मई से शुरू होंगे आवेदन

0
4

लखनऊ, 23 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी), लखनऊ ने सम्मिलित अवर अधीनस्थ सेवा (ग्रेजुएट स्तरीय) मुख्य परीक्षा 2026 के अंतर्गत विभिन्न विभागों के नियंत्रणाधीन कुल रिक्त 2,285 पदों पर पात्र उम्मीदवारों के चयन के लिए देश के नागरिकों से आवेदन एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके आमंत्रित किए हैं।

यूपीएसएसएससी की ओर से जारी 2,285 रिक्तियों में सहायक कोषागार लेखाकार (निदेशालय कोषागार, यूपी) के 548, लेखा परीक्षक (सहकारी समितियां एवं पंचायत, लेखा परीक्षा निदेशालय, यूपी) के 419, अमीन/नीलामकर्ता (राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद, यूपी) के 323, अधिशासी अधिकारी (नगर निकाय निदेशालय, यूपी) के 238, लिपिक सह टंकक/रोकड़िया सह लिपिक/लेखा लिपिक (राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद, यूपी) के 229, सहायक चकबन्दी अधिकारी/सहायक आयतीकरण अधिकारी (कार्यालय चकबंदी आयुक्त, यूपी) के 168, सहायक प्रबन्धक (गैर तकनीकी) (उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन निदेशालय, यूपी, कानपुर) के 134, सहायक प्रबन्धक (गैर तकनीकी) (विशेष चयन) (उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन निदेशालय, यूपी, कानपुर) के 3, केंद्र प्रभारी (उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम, लखनऊ) के 92, जिला सहायक प्रतिरक्षण अधिकारी (परिवार कल्याण महानिदेशालय उत्तर प्रदेश, लखनऊ) के 85, और मण्डी पर्यवेक्षक श्रेणी-2 (राज्य कृषि उत्पादन मण्डी परिषद, यूपी) के 46 पद शामिल हैं।

यूपी में जारी इन सरकारी भर्ती के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 29 मई से शुरू हो जाएगी और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 18 जून तय की गई है। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर लिंक सक्रिय होने के बाद से तय अंतिम तिथि तक अपना रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरा कर सकते हैं। वहीं, जिन अभ्यर्थियों से आवेदन पत्र भरते समय कुछ गलती हो जाएगी, उनके लिए पत्र में सुधार करने का विंडो 25 जून तक सक्रिय रहेगा।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन की डिग्री का होना अनिवार्य है। इसी के साथ जो कैंडिडेट्स प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा (पीईटी-2025) में सम्मिलित हुए थे और उन्हें आयोग द्वारा पीईटी-2025 का स्कोरकार्ड निर्गत किया गया हो, वे ही आवेदन कर सकते हैं।

आवेदकों की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 40 वर्ष तय की गई है। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी। एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय सभी वर्ग के अभ्यर्थियों को निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो 25 रुपए तय किया गया है।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन प्रारंभिक पात्रता परीक्षा (पीईटी-2025) में प्राप्त नार्मलाइज्ड स्कोर के आधार पर मुख्य लिखित परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्टिंग और लिखित (मुख्य) परीक्षा के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पद अनुसार 25,500 से 1,12,400 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसी के साथ कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।