Sunday, May 24, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय महाराष्ट्र में गो-तस्करी पर सरकार के फैसले का मंगल प्रभात लोढ़ा ने...

महाराष्ट्र में गो-तस्करी पर सरकार के फैसले का मंगल प्रभात लोढ़ा ने किया स्वागत, बोले- ये देशहित में है

0
1

मुंबई, 23 मई (आईएएनएस)। महाराष्ट्र सरकार ने गो-तस्करी और अवैध पशु गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई के लिए मकोका (महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम) लगाने की बात कही है। इस फैसले का कैबिनेट मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने स्वागत किया है। उनका कहना है कि एक सच्चा देशभक्त ही ऐसा फैसला ले सकता है और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस हमेशा से ही देशहित में काम करते आ रहे हैं।

शनिवार को आईएएनएस से बातचीत के दौरान मंगल प्रभात लोढ़ा ने कहा कि यह फैसला सिर्फ वही ले सकता है जो देशभक्त हो। उनका कहना है कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस शुरू से ही राष्ट्रहित और देशभक्ति की सोच के साथ काम करते आए हैं। उन्होंने कहा कि इस कदम से गो-भक्तों और देशभक्त नागरिकों में संतोष और खुशी का माहौल है।

मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य सिर्फ गो-तस्करों पर कार्रवाई करना ही नहीं है, बल्कि उन लोगों तक पहुंचना भी है जो इस पूरे नेटवर्क के पीछे काम करते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे नेटवर्क में कई तरह के अवैध तत्व भी शामिल हो सकते हैं और उन सभी पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।

उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों को सख्त सजा मिलनी चाहिए ताकि भविष्य में कोई भी इस तरह के अपराध करने की हिम्मत न कर सके। उनके मुताबिक सरकार कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पूरी तरह गंभीर है और किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।

इस बीच पालघर जिले में भी राज्य के मंत्री योगेश रामदास कदम ने कहा कि अगर महाराष्ट्र में कोई व्यक्ति गो-हत्या या उससे जुड़ी अवैध गतिविधियों में लगातार शामिल पाया जाता है, तो उसके खिलाफ मकोका के तहत कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने साफ कहा कि इस मामले में किसी भी तरह की नरमी नहीं बरती जाएगी और कानून के तहत सख्त कदम उठाए जाएंगे। सरकार का मानना है कि इस तरह की गतिविधियां न सिर्फ कानून का उल्लंघन हैं, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक दृष्टि से भी गंभीर मुद्दा हैं।