अहमदाबाद, 24 मई (आईएएनएस)। फिट इंडिया मूवमेंट के तहत चलाए जा रहे ‘संडे ऑन साइकिल’ इवेंट के 75वें संस्करण का आयोजन अहमदाबाद में हुआ। इस इवेंट में केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया, गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी, अभिनेता आयुष्मान खुराना और ओलंपिक पदक विजेता गगन नारंग शामिल हुए।
मनसुख मांडविया ने लोगों से साइकिल का ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल करने की अपील की। उन्होंने पत्रकारों संग बातचीत करते हुए कहा, “आज कॉमनवेल्थ डे और संडे ऑन साइकिल का 75वां संस्करण है। दोनों विषय को ध्यान में रखते हुए पूरे देश में संडे ऑन साइकिल का आयोजन किया गया। भारत कॉमनवेल्थ गेम्स 2030 का मेजबान देश है और अहमदाबाद मेजबान शहर है। ऐसे में हजारों युवाओं ने संडे ऑन साइकिल के जरिए सभी युवाओं को खेल के मैदान में आने और खुद को फिट रखने का आह्वान किया है। इसके साथ ही अहमदाबाद के मेरे युवा प्रधानमंत्री मोदी के तेल बचाओ अभियान के साथ जुड़े हैं।”
खेल मंत्री ने साइकिल चलाने के तीन बड़े फायदे बताए। उन्होंने कहा कि साइकिल के इस्तेमाल से आप खुद को फिट रख सकते हैं और यह सर्वश्रेष्ठ कसरत है। इसके साथ ही साइकिल चलाने से प्रदूषण भी कम होता है और इससे तेल की बचत भी हो सकती है। उन्होंने लोगों को संदेश दिया कि जीवन में साइकिल का ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल करें।
मनसुख मांडविया ने कहा कि अगर देश को आगे बढ़ाना है और पीएम मोदी के विकसित भारत के सपने को साकार करना है, तो देश के नागरिक को फिट रहना जरूरी है। अगर हम फिट रहेंगे, तो समाज स्वास्थ्य रहेगा और स्वास्थ्य समाज से ही समृद्ध राष्ट्र का निर्माण कर सकता है।
वहीं, गगन नारंग ने संडे ऑन साइकिल को एक शानदार मुहिम बताया। उन्होंने कहा कि इतनी तादाद में युवाओं को इस मुहिम में शामिल होते देखकर अच्छा लगा। दिल्ली में संडे ऑन साइकिल इवेंट में शिक्षा मंत्री आशीष सूद हुए। उन्होंने कहा कि अगर डॉक्टर के पास जाने से पहले सभी नागरिक 30 मिनट साइकिल के पैडल पर मार लेंगे, तो वह खुद को फिट रख सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस समय पर तो साइकिल का उपयोग देशभक्ति का भी प्रतीक है और ऊर्जा, पेट्रोल बचाने के लिए यह अपने आप में एक अनूठा प्रयास है।

