Sunday, May 24, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार यमुनोत्री यात्रा पर पहुंचे, खरसाली में भव्य...

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार यमुनोत्री यात्रा पर पहुंचे, खरसाली में भव्य स्वागत

0
5

उत्तरकाशी, 24 मई (आईएएनएस)। भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार रविवार को चारधाम यात्रा के अंतर्गत विश्व प्रसिद्ध यमुनोत्री धाम पहुंचे। उन्होंने उत्तरकाशी जिले के खरसाली हेलीपैड पर पहुंचकर यमुनोत्री यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उनके आगमन को लेकर प्रशासन ने खरसाली क्षेत्र में चाक-चौबंद सुरक्षा और व्यवस्थाएं की थीं।

खरसाली हेलीपैड पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। हेलीपैड पर उत्तराखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम, अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य और पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय सहित अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने उन्हें पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया।

स्वागत के दौरान मुख्य निर्वाचन आयुक्त को चारधाम यात्रा की वर्तमान व्यवस्थाओं, यात्री सुविधाओं, स्वास्थ्य व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधों और आपातकालीन तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने उन्हें यात्रा मार्ग पर आने वाली चुनौतियों और उनके समाधान के बारे में भी अवगत कराया।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार खरसाली पहुंचने के बाद यमुनोत्री धाम के लिए रवाना हो गए। उनके दौरे को लेकर स्थानीय प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर था। खरसाली हेलीपैड से यमुनोत्री धाम तक के पूरे मार्ग पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती के साथ-साथ विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को तैनात किया गया था।

प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस दौरे को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। चारधाम यात्रा के सुचारु संचालन, यात्री सुरक्षा और बेहतर सुविधाओं को लेकर उच्च स्तरीय समीक्षा के उद्देश्य से उनका यह दौरा किया गया है। यात्रा सीजन में बढ़ती भीड़ को देखते हुए सभी व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत बनाने पर जोर दिया जा रहा है।

खरसाली हेलीपैड पर सुबह से ही अधिकारियों और कर्मचारियों की सक्रिय उपस्थिति रही। उन्होंने हेलीपैड परिसर और आसपास की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। मुख्य निर्वाचन आयुक्त के स्वागत के दौरान अधिकारियों और स्थानीय कर्मचारियों में उत्साह का माहौल देखा गया।