Monday, May 25, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय दिल्ली में गांजा सप्लाई मॉड्यूल का भंडाफोड़, 90 किलो से ज्यादा मादक...

दिल्ली में गांजा सप्लाई मॉड्यूल का भंडाफोड़, 90 किलो से ज्यादा मादक पदार्थ बरामद

0
4

नई दिल्ली, 24 मई (आईएएनएस)। दिल्ली पुलिस की आउटर नॉर्थ जिला स्पेशल टीम ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बवाना इलाके में चल रहे अंतरराज्यीय गांजा सप्लाई मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके घर से 90.225 किलोग्राम गांजा बरामद किया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान अब्दुल रहमान उर्फ बबलू, निवासी गांव बवाना, दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी लंबे समय से गांजा तस्करी के धंधे में शामिल था और दिल्ली के कई इलाकों में इसकी सप्लाई करता था।

पुलिस को 20 मई को गुप्त सूचना मिली थी कि अब्दुल रहमान अपने घर से गांजा सप्लाई कर रहा है। सूचना मिलने के बाद एएटीएस आउटर नॉर्थ की टीम ने इंस्पेक्टर आनंद कुमार झा और एसीपी ऑपरेशन दिनेश कुमार के नेतृत्व में छापेमारी की।

पुलिस टीम 21 मई को गुप्त सूचना देने वाले के साथ बवाना गांव पहुंची। सुबह करीब 10:35 बजे आरोपी को उसके घर के बाहर पहचान कर पकड़ लिया गया। इसके बाद जब उसके घर की तलाशी ली गई तो एक कमरे में रखे डीप फ्रीजर के अंदर चार बोरियों में गांजा छिपाकर रखा मिला।

पुलिस ने फील्ड टेस्टिंग किट से जांच की, जिसमें बरामद पदार्थ गांजा पाया गया। वजन करने पर इसकी मात्रा 90.225 किलोग्राम निकली। इसके बाद बवाना थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20/25 के तहत एफआईआर संख्या 254/2026 दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह कई वर्षों से अपने साथियों के साथ गांजा तस्करी में शामिल है। उसने बताया कि गांजा आंध्र प्रदेश-ओडिशा बॉर्डर से मंगवाया जाता था और बाद में दिल्ली में अवैध रूप से सप्लाई किया जाता था।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी सीमापुरी और बवाना इलाके में सक्रिय स्थानीय सप्लायरों और रिसीवरों को गांजा पहुंचाता था। आरोपी के खिलाफ पहले भी ओडिशा के मलकानगिरी जिले में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है।

फिलहाल, पुलिस पूरे अंतरराज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटी है। पुलिस बाकी आरोपियों की तलाश कर रही है और सप्लाई चेन के स्रोत तथा नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।