ग्रेटर नोएडा, 25 मई (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा के थाना दादरी क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में युवक की मौत हो गई। घटना ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे के पास बिसहाड़ा रोड की बताई जा रही है, जहां एक युवक अपनी बुलेट मोटरसाइकिल के नीचे दबा हुआ मिला। सूचना मिलते ही थाना दादरी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार, सोमवार को थाना दादरी पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि बिसहाड़ा रोड पर ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे के निकट एक व्यक्ति मोटरसाइकिल के नीचे दबा पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मौके पर पड़ी मोटरसाइकिल और युवक की स्थिति को देखकर पुलिस ने प्राथमिक जांच शुरू की। मृतक की पहचान गौरव निवासी ग्राम पिलखनवाली, थाना सिकंदराबाद, बुलंदशहर के रूप में हुई है।
पुलिस द्वारा मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। युवक की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। प्रथमदृष्टया पुलिस जांच में सामने आया है कि गौरव की मोटरसाइकिल अचानक फिसल गई होगी, जिसके चलते वह बाइक के नीचे दब गया। आशंका जताई जा रही है कि बुलेट मोटरसाइकिल का भार अधिक समय तक शरीर पर पड़े रहने के कारण वह खुद को बाहर नहीं निकाल सका। वहीं बाइक के गर्म इंजन और साइलेंसर से झुलसने के चलते उसकी हालत गंभीर हो गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। पुलिस ने लोगों को वहां से हटाकर स्थिति को नियंत्रित किया। थाना दादरी पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। फिलहाल किसी प्रकार की आपराधिक घटना के संकेत नहीं मिले हैं। क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है और अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
–आईएएनएस
पीकेटी/पीएम

