मोतिहारी, 25 मई (आईएएनएस)। बिहार में अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए सरकार दृढ़ संकल्पित नजर आ रही है। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी अपराधियों को बिहार छोड़कर जाने या कार्रवाई करने की चेतावनी दे दी है।
इस बीच, पूर्वी चम्पारण (मोतिहारी) पुलिस ने 131 वांछित अपराधियों के खिलाफ इनाम की घोषणा कर दी है। पूर्वी चंपारण के जिन वांछित अपराधियों पर इनाम घोषित किया गया है, उनमें लूट, डकैती, हत्या, रंगदारी, आर्म्स एक्ट के आरोपी के अलावा शराब और भूमाफिया शामिल हैं।
पूर्वी चंपारण के पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने सोमवार को समाचार एजेंसी आईएएनएस को बताया, “मोतिहारी जिलान्तर्गत अनुमंडलवार विभिन्न कांडों में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए इनाम की घोषणा की गई है। इनमें कई शराब माफिया के भी नाम हैं।”
उन्होंने कहा कि इसके पूर्व भी जिले के जघन्य कांडों में फरार चल रहे अपराधियों के विरुद्ध पुरस्कार की घोषणा की जा चुकी थी। उन्होंने वांछित अपराधियों को चेतावनी देते हुए कहा कि सभी अपराधी 10 दिनों के अंदर न्यायालय में समर्पण करें, अन्यथा न्यायालय से आदेश प्राप्त कर अपराधी के घर की कुर्की जब्ती की जाएगी। फरार चल रहे 131 कुख्यात अपराधियों में 43 स्प्रिट तस्कर, 34 लूट और डकैती, 16 आर्म्स एक्ट, कटिंग गिरोह, जहरीली शराब कांडों के आरोपी शामिल हैं।
उन्होंने वांछित अपराधियों की बजाए सूची जारी की है, जिसमें चंदन कुमार के खिलाफ 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया है। इसके खिलाफ चार मामले दर्ज हैं। इनकी तलाश पुलिस को जहरीली शराब मामले में है। इस सूची में जिन वांछित अपराधियों के नाम हैं, उनके खिलाफ 25 हजार से 3 हजार रुपए की इनाम की राशि घोषित की गई है।
तुरकौलिया थाना के रंजीत यादव पर राजेश राय पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया है। इस पर कुल सात मामले दर्ज हैं, जबकि पुलिस को एक स्प्रिट मामले में इनकी तलाश है। इसी तरह बसंत पासवान पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया है। उन्होंने बताया कि ऐसे 131 वांछित अपराधी हैं, जिन पर इनाम घोषित किया गया है।

