Tuesday, May 26, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल आईसीसी विमेंस रैंकिंग: 38 पायदान की छलांग लगाकर ‘नंबर-2’ गेंदबाज बनीं लिंसी...

आईसीसी विमेंस रैंकिंग: 38 पायदान की छलांग लगाकर ‘नंबर-2’ गेंदबाज बनीं लिंसी स्मिथ

0
10

दुबई, 26 मई (आईएएनएस)। इंग्लैंड की स्पिनर लिंसी स्मिथ नवीनतम आईसीसी विमेंस टी20 गेंदबाजी रैंकिंग में 38 पायदान की छलांग लगाकर अपने करियर के सर्वश्रेष्ठ दूसरे स्थान पर पहुंच गई हैं। लिंसी ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मुकाबलों की टी20 सीरीज में 6 विकेट अपने नाम किए थे। उनके इस प्रदर्शन ने इंग्लैंड को 2-1 से जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी।

न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में शानदार प्रदर्शन के लिए लिंसी को ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ चुना गया था। बाएं हाथ की स्पिनर लिंसी ने टी20 रैंकिंग में अपनी साथी स्पिनर सोफी एक्लेस्टोन को पछाड़ दिया है, जो अब रैंकिंग में तीसरे स्थान पर खिसक गईं।

टी20 गेंदबाजों की रैंकिंग में शीर्ष 7 में से 4 खिलाड़ी इंग्लैंड से हैं। इंग्लैंड की तेज गेंदबाज लॉरेन बेल ने शुरुआती दो मुकाबलों में 3 विकेट हासिल किए थे, लेकिन अंतिम मुकाबले में नहीं खेल सकीं। वह फिलहाल चौथे स्थान पर बनी हुई हैं, जबकि कार्यवाहक कप्तान चार्ली डीन ने सीरीज में पांच विकेट लेकर सातवें स्थान पर अपनी पकड़ और मजबूत कर ली है।

गेंदबाजी रैंकिंग में स्पिनर्स का दबदबा कायम है। टॉप-10 में 8 स्पिनर शामिल हैं। बेल और ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर एनाबेल सदरलैंड ही इस समूह में शामिल एकमात्र तेज गेंदबाज हैं। न्यूजीलैंड की तरफ से, बाएं हाथ की तेज गेंदबाज ब्री इलिंग ने सीरीज में चार विकेट लेकर 12 स्थान की छलांग लगाते हुए 45वें स्थान हासिल कर लिया है। वहीं, स्पिनर नेंसी पटेल 34 स्थान ऊपर चढ़कर संयुक्त रूप से 71वें स्थान पर पहुंच गईं।

बल्लेबाजी रैंकिंग पर नजर डालें, तो न्यूजीलैंड की पूर्व कप्तान सोफी डिवाइन 2 साल में पहली बार टॉप-10 में वापसी करने में सफल रहीं। उन्होंने इस सीरीज में कुल 132 रन बनाए, जिसमें शुरुआती 2 मुकाबलों में 45 और 87 रनों की पारियां शामिल हैं।

शीर्ष क्रम की बल्लेबाजों की रैंकिंग में बहुत अधिक फेरबदल देखने को नहीं मिला है। इसकी एक वजह इंग्लैंड की जोड़ी नताली साइवर-ब्रंट और डैनी व्याट-हॉज की अनुपस्थिति रहीं, जबकि न्यूजीलैंड की स्टार खिलाड़ी अमेलिया केर और सूजी बेट्स ने इस सीरीज में बतौर बल्लेबाज खासा प्रभावित नहीं किया।

बल्लेबाजी रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया का दबदबा कायम है। जॉर्जिया वोल और बेथ मूनी शीर्ष दो स्थानों पर काबिज हैं। ताहलिया मैकग्रा छठे स्थान पर बनी हुई हैं, जबकि फोएबे लिचफील्ड संयुक्त रूप से 13वें स्थान पर हैं। न्यूजीलैंड की बैटर मैडी ग्रीन इस सीरीज में 93 रन बनाकर आठ पायदान ऊपर चढ़कर 39वें स्थान पर पहुंच गईं। इंग्लैंड की मैया बाउचर 6 पायदान की छलांग लगता हुए 34वें स्थान पर पहुंच गई हैं, जबकि एलिस कैप्सी इस सीरीज में 99 रन बनाकर 9 पायदान ऊपर चढ़कर 45वें स्थान पर पहुंच गईं।

इस बीच, वेस्टइंडीज की कप्तान हेली मैथ्यूज ने टी20 ऑलराउंडर रैंकिंग में अमेलिया केर को पछाड़ते हुए एक बार फिर से ‘नंबर 1’ स्थान हासिल कर लिया है। मैथ्यूज इससे पहले भी करीब ढाई साल तक (अक्टूबर 2023 से मार्च 2026 तक) शीर्ष रैंकिंग पर काबिज रही थीं, जिसके बाद इस साल की शुरुआत में केर ने उनकी जगह ली थी।