ग्रेटर नोएडा, 26 मई (आईएएनएस)। गौतमबुद्धनगर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 2 किलो 450 ग्राम गांजा बरामद किया है। पहली कार्रवाई थाना जारचा पुलिस द्वारा की गई।
पुलिस को लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के माध्यम से जानकारी मिली थी कि क्षेत्र में एक युवक गांजे की तस्करी कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम खंगौडा के पास घेराबंदी कर आरोपी अजय उर्फ अज्जू पुत्र ठकरी सैनी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी कस्बा एवं थाना जारचा क्षेत्र का रहने वाला है और उसकी उम्र लगभग 25 वर्ष बताई जा रही है।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक किलो 300 ग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी पहले भी एनडीपीएस एक्ट के मामलों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ थाना जारचा में वर्ष 2025 और 2026 में धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि वह गांजा कहां से लाता था और किन लोगों तक इसकी सप्लाई करता था। वहीं, दूसरी कार्रवाई थाना दादरी पुलिस द्वारा की गई।
पुलिस ने रेलवे रोड स्थित श्मशान घाट के पास से सोनू उर्फ डोंटा पुत्र ओमप्रकाश को गिरफ्तार किया। आरोपी मोहल्ला गौतमपुरी, दादरी का निवासी है और उसकी उम्र करीब 32 वर्ष है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक किलो 150 ग्राम गांजा बरामद किया है। दादरी पुलिस के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी लंबा रहा है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, आबकारी एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
वर्ष 2018 से लेकर 2026 तक उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं में कार्रवाई हो चुकी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी लंबे समय से अवैध गतिविधियों में शामिल था और उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी।
पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की ओर से कहा गया है कि जिले में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लगातार चलाए जा रहे अभियान के तहत मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

