Wednesday, May 27, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय बिहार के सभी जिला मुख्यालय फोर-लेन से होंगे कनेक्ट: सीएम सम्राट चौधरी

बिहार के सभी जिला मुख्यालय फोर-लेन से होंगे कनेक्ट: सीएम सम्राट चौधरी

0
9

पटना, 26 मई (आईएएनएस)। बिहार के सभी जिला मुख्यालय फोर लेन सड़क से कनेक्ट होंगे। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को पथ निर्माण विभाग की समीक्षा बैठक में इस संबंध में साफ निर्देश अधिकारियों को दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने बैठक में कहा कि लोगों की त्वरित आवाजाही के लिए राज्य में बेहतर सड़क नेटवर्क तैयार किया गया है। राज्य के सुदूर इलाकों से पांच घंटे में पटना पहुंचने के लक्ष्य पर काम किया जा रहा है। उन्होंने राज्य में जो भी एक्सप्रेस-वे, राष्ट्रीय राजमार्ग, स्टेट हाई-वे का निर्माण कार्य किया जा रहा है, उसे तीव्र गति एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने की बात कही।

उन्होंने सभी जिला मुख्यालयों को फोर-लेन से कनेक्ट करने के निर्देश देते हुए कहा कि राज्य के पर्यटन स्थल, सांस्कृतिक विरासत, औद्योगिक कॉरिडोर, विशेष कृषि उत्पादन क्षेत्र एवं राज्य के महत्वपूर्ण बाजारों को बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करने से राज्य की आर्थिक प्रगति तीव्र होगी और रोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ब्रिज मेंटेनेंस पॉलिसी को बेहतर ढंग से क्रियान्वित किया जाए। उन्होंने पुलों की गुणवत्ता एवं मजबूती की जांच निरंतर कराते रहने के निर्देश देते हुए कहा कि विशेषज्ञों की जो रिपोर्ट आई है, उसके आधार पर ही विक्रमशीला पुल का स्थायी पुनर्स्थापन कार्य कराया जाएगा।

उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि कच्ची दरगाह-बिदुपुर 6 लेन पुल का कार्य जुलाई के पहले सप्ताह में पूर्ण करें। बैठक में पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विभाग के कार्यों की अद्यतन स्थिति तथा भावी कार्य योजना के बारे में जानकारी दी।

उन्होंने राज्य में निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्ग तथा राज्य सरकार के स्टेट हाईवे की प्रगति एवं कार्य पूर्ण होने की तिथि के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। बैठक में उपमुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेन्द्र, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, बिहार राज्य पथ विकास निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक शीर्षत कपिल अशोक एवं एनएचएआई के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।