Wednesday, May 27, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय पीएम मोदी के 12 वर्ष के कार्यकाल को भागलपुर के उद्यमी ने...

पीएम मोदी के 12 वर्ष के कार्यकाल को भागलपुर के उद्यमी ने सराहा, बोले- सरकारी योजनाओं ने बदली किस्मत

0
3

भागलपुर, 26 मई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2014 से पद पर रहते हुए 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बिहार के भागलपुर निवासी उद्यमी राजीव प्रदीप ने केंद्र सरकार की योजनाओं को अपनी सफलता का आधार बताते हुए खुशी और संतोष व्यक्त किया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मुद्रा योजना और प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (पीएमईजीपी) जैसी योजनाओं ने उनकी जिंदगी बदल दी और उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनने का अवसर मिला।

राजीव प्रदीप ने आईएएनएस को बताया कि उन्होंने वर्ष 2021 में प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत 5 लाख रुपए का लोन लिया था। इससे उन्होंने अपने छोटे कारोबार की शुरुआत की। कारोबार धीरे-धीरे आगे बढ़ने लगा तो वर्ष 2024 में प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (पीएमईजीपी) योजना के तहत 30 लाख रुपए का लोन प्राप्त किया।

इस आर्थिक सहायता के बाद उन्होंने कंक्रीट प्रोडक्ट्स का कारोबार शुरू किया, जिसमें पेवर्स, चेकर्स टाइल्स और आरसीसी बेंच का निर्माण किया जाता है। उनका कहना है कि इस योजना ने न सिर्फ उनके कारोबार का विस्तार किया बल्कि उनकी आर्थिक स्थिति में भी बड़ा बदलाव लाया।

उन्होंने बताया कि पीएमईजीपी योजना के तहत उन्हें 30 लाख रुपए का लोन मिला था, जिसमें से करीब 7 लाख रुपए की सब्सिडी छह महीने के भीतर सीधे उनके बैंक खाते में आ गई।

राजीव ने बताया, “पहले सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में काफी दिक्कतें होती थीं, लेकिन अब बिना किसी भेदभाव के राशि सीधे लाभार्थियों के खाते में पहुंच रही है। अब बिचौलियों की भूमिका खत्म हो गई है और सरकार की पारदर्शी व्यवस्था का लाभ आम लोगों को मिल रहा है।”

समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में राजीव प्रदीप ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश और भागलपुर दोनों में काफी बदलाव देखने को मिला है। सरकार की योजनाओं ने छोटे व्यापारियों और उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनने का अवसर दिया है। आज उनके साथ जुड़े कई अन्य लोग भी इन योजनाओं का लाभ उठा रहे हैं और रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं।

राजीव ने यह भी बताया कि उनके यहां काम करने वाले कर्मचारियों को केंद्र सरकार की उज्ज्वला योजना का भी लाभ मिल रहा है। मोदी सरकार की विभिन्न योजनाओं की वजह से आम लोगों का जीवन स्तर बेहतर हुआ है और कारोबार के साथ-साथ इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में भी तेजी से काम हो रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी के 12 साल के कार्यकाल की सराहना करते हुए राजीव प्रदीप ने कहा कि यह कार्यकाल देश के लिए यादगार रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री के अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु होने की कामना करते हुए कहा कि वह चाहते हैं कि नरेंद्र मोदी लगातार देश का नेतृत्व करते रहें। राजीव ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि केंद्र सरकार की योजनाओं और प्रधानमंत्री मोदी के कार्यों से देश के अधिकांश लोग संतुष्ट और खुश होंगे।