भोपाल : 27 मई/ आगामी त्योहारों को ध्यान में रखते हुए अयोध्या नगर पुलिस ने क्षेत्र में गुंडागर्दी, देर रात शराबखोरी और हुड़दंग करने वाले बदमाशों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 14 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने यह कार्रवाई ब्लैंक स्पॉट और चिन्हित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में दबिश देकर की।
भोपाल पुलिस द्वारा शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा आदतन अपराधियों, गुंडे-बदमाशों और देर रात समूह बनाकर हुड़दंग करने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस आयुक्त संजय कुमार एवं अतिरिक्त पुलिस आयुक्त शैलेन्द्र सिंह चौहान के निर्देश पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में पुलिस उपायुक्त जोन-2 विकास सहवाल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त गौतम सोलंकी एवं सहायक पुलिस आयुक्त एमपी नगर संभाग मनीष भारद्वाज के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी महेश लिल्हारे के नेतृत्व में अयोध्या नगर पुलिस ने क्षेत्र के आदतन अपराधियों और देर रात शराबखोरी कर उत्पात मचाने वाले बदमाशों के ठिकानों पर दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने विवेक उर्फ कच्छू गुजराती, यशपाल सिंह उर्फ अक्षय दांगी, रोहित यादव, सोनू पटेल, अबिनीश सिंह, मुकेश यादव, मनीष उर्फ मोन्टी गोटिया, नेमिश पटेल, अखलेश सिंह, दिव्यांशु पटेल, कपिल साहू, दीपक अहिरवार, संतोष विश्वकर्मा और जितेन्द्र गौतम को गिरफ्तार किया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार क्षेत्र के आदतन अपराधियों एवं गुंडा तत्वों की लगातार निगरानी की जा रही है। उनके ठिकानों पर नियमित दबिश देकर चेकिंग की जा रही है तथा उन्हें सख्त हिदायत भी दी जा रही है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी महेश लिल्हारे, उप निरीक्षक विजय सिंह, जयवीर सिंह बघेल, सुदील देशमुख, रामराज सिंह बघेल, नरसिंह राजपूत, सहायक उप निरीक्षक मनोज कछवाहा, अजीम शेर खान, बलीराम सिंह सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।


