Thursday, May 28, 2026
SGSU Advertisement
Home मनोरंजन सलमान खान की ‘बीवी नंबर 1’ ने पूरे किए 27 साल, जैकी...

सलमान खान की ‘बीवी नंबर 1’ ने पूरे किए 27 साल, जैकी भगनानी ने बयां किया सेट का वो मजेदार माहौल

0
8

मुंबई, 28 मई (आईएएनएस)। सलमान की फिल्म ‘बीवी नंबर 1’ ने अपने रिलीज के 27 साल पूरे कर लिए हैं। डेविड धवन के निर्देशन में बनी रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म को प्रोड्यूसर वाशु भगनानी ने प्रोड्यूस किया था।

गुरुवार को अभिनेता-निर्माता जैकी भगनानी ने सोशल मीडिया के जरिए फिल्म के पुराने पन्नों को दोहराया। अभिनेता ने बताया कि फिल्म के प्रति उनकी दीवानगी आज भी उतनी बरकरार है, जितनी रिलीज के समय थी।

जैकी भगनानी ने इंस्टाग्राम पर फिल्म का पोस्टर शेयर करते हुए लिखा, “फिल्म ‘बीवी नंबर 1’ को रिलीज हुए 27 साल हो गए हैं और यह आज भी लोगों की पसंदीदा फिल्मों में शामिल है।”

उन्होंने शूटिंग के दिनों की यादें ताजा करते हुए लिखा, “मुझे आज भी याद है कि बचपन में मैं फिल्म के सेट पर इधर-उधर दौड़ता रहता था और अपने पिता वाशु भगनानी, निर्देशक डेविड धवन और लेखक रूमी जाफरी को इस फिल्म को बनाते हुए देखता था। सेट पर खूब मस्ती और रचनात्मकता का माहौल रहता था।”

जैकी भगनानी ने फिल्म के कलाकारों की जमकर सराहना की। उन्होंने लिखा, “सलमान खान की जबरदस्त ऊर्जा, करिश्मा कपूर का शानदार अभिनय, सुष्मिता सेन का आकर्षक अंदाज, अनिल कपूर की बेहतरीन कॉमिक टाइमिंग और तब्बू की शानदार मौजूदगी ने इस फिल्म को खास बना दिया। इस फिल्म को पीढ़ी दर पीढ़ी इतना प्यार देने के लिए सभी दर्शकों का दिल से धन्यवाद।”

1999 में रिलीज हुई ‘बीवी नंबर 1’ लोकप्रिय हिंदी रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म उस साल की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में से एक थी। इसने बॉक्स ऑफिस पर शानदार कलेक्शन किया था। फिल्म के गाने, विशेष रूप से ‘चुनरी चुनरी’ और ‘इश्क सोना है’, दर्शकों के बीच आज भी बहुत पसंद किए जाते हैं।

फिल्म की कहानी एक्स्ट्रा-मैरिटल अफेयर (विवाहेत्तर संबंध) और एक आदर्श गृहणी की कहानी पर आधारित है। सलमान (प्रेम) एक अमीर पति हैं, जो करिश्मा (पूजा) को धोखा देकर एक खूबसूरत मॉडल सुष्मिता (रूपाली) के साथ रहने लगते हैं। इसके बाद पूजा अपने पति को वापस पाने के लिए एक मजेदार प्लान बनाती है।