Thursday, May 28, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय कोलकाता में अदा की गई ईद-उल-अजहा की नमाज, मेयर फिरहाद हकीम बोले-...

कोलकाता में अदा की गई ईद-उल-अजहा की नमाज, मेयर फिरहाद हकीम बोले- मांगी खुशहाली की दुआ

0
4

कोलकाता, 28 मई (आईएएनएस)। ईद-उल-अजहा के मौके पर टीएमसी नेता और कोलकाता के मेयर फिरहाद हकीम ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि सबके लिए दुआ करते हैं, सभी अच्छे रहें और खुश रहें।

उन्होंने कहा कि हम लोगों को इंसानियत के साथ रहना चाहिए और एक-दूसरे की मदद करनी चाहिए।

फिरहाद हकीम की बेटी प्रियदर्शिनी हकीम ने कहा कि ईद की सभी को मुबारकबाद। हम लोगों को ऐसा कुछ भी नहीं करना चाहिए कि किसी को दुख पहुंचे। उन्होंने कहा कि सेक्युलर देश में खाने की पसंद खुद की होनी चाहिए। केंद्र सरकार को गाय का ध्यान रखना चाहिए। देश में गाय कटना केंद्र सरकार को बैन करना चाहिए।

सड़क पर नमाज को लेकर प्रियदर्शिनी हकीम ने कहा कि विदेशों में सड़क पर नमाज नहीं होती है। हम ऐसे हैं कि ईद में नमाज पढ़ते हैं और दुर्गापूजा में खुशियां मनाते हैं। हम लोगों के देश के विकास के बारे में सोचना चाहिए। किसी समुदाय को टारगेट न करके बंगाल की उन्नति करनी चाहिए।

कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में ईद-उल-अजहा की नमाज अदा की गई। वहां मौजूद लोगों ने एक दूसरे को बधाई दी। एक नमाजी ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि सड़क पर नमाज क्यों होगी? आने-जाने वाले लोगों को परेशानी होती है। शख्स ने ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि ममता बनर्जी राजनीति करती थीं। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने अच्छा काम किया है।

एक और नमाजी ने कहा कि हम लोगों ने नमाज अदा की। सड़क पर नमाज नहीं होने की सरकार की नीति को हम लोगों ने मान लिया है। रेड रोड से ज्यादा अच्छा ब्रिगेड परेड ग्राउंड में नमाज अदा की गई है।

एक शख्स ने कहा कि ब्रिगेड परेड ग्राउंड में पहली बार नमाज अदा की गई; यहां सब नॉर्मल है। कानून को मद्देनजर रखते हुए हर साल हम लोग इसी तरह नमाज अदा करेंगे। हम लोगों को देश की तरक्की पर ध्यान देना है। अब नई सरकार के निर्देश के अनुसार काम किया जाएगा।