Saturday, May 30, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय चतरा जिला स्थापना दिवस पर 851 झारखंड आंदोलनकारियों को किया गया सम्मानित

चतरा जिला स्थापना दिवस पर 851 झारखंड आंदोलनकारियों को किया गया सम्मानित

0
4

चतरा, 29 मई (आईएएनएस)। झारखंड में चतरा जिले के स्थापना दिवस के अवसर पर झारखंड राज्य गठन आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले आंदोलनकारियों का भावपूर्ण सम्मान किया गया। इस दौरान 851 झारखंड आंदोलनकारियों को सम्मानित किया गया।

यह कार्यक्रम जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट सह प्रशिक्षण भवन हॉल में आयोजित किया गया। समारोह में कुल 851 झारखंड आंदोलनकारियों को शॉल, मोमेंटो और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त रवि आनंद ने की। मुख्य अतिथि के रूप में चतरा लोकसभा क्षेत्र के सांसद कालीचरण सिंह, चतरा विधायक जनार्दन पासवान और जिला परिषद अध्यक्षा ममता कुमारी सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

समारोह की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और झारखंड आंदोलन के प्रेरणास्रोत भगवान बिरसा मुंडा एवं दिशोम गुरु शिबू सोरेन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। जिला स्तर पर 122 तथा प्रखंड स्तर पर 729 आंदोलनकारियों को सम्मानित किया गया। इस तरह पूरे जिले में कुल 851 आंदोलनकारियों को उनके योगदान के लिए याद किया गया।

कार्यक्रम के दौरान कई आंदोलनकारियों ने झारखंड राज्य गठन आंदोलन के दौरान अपने संघर्ष, त्याग और अनुभव साझा किए। उन्होंने आंदोलन के विभिन्न पहलुओं पर रोचक जानकारी दी, जो उपस्थित जनों को भावुक कर गई।

उपायुक्त रवि आनंद ने संबोधन में कहा कि चतरा जिले का गठन 29 मई 1991 को हजारीबाग जिले से अलग कर किया गया था। उन्होंने कहा, “जिला स्थापना दिवस जिले की विकास यात्रा, उपलब्धियों और जनभागीदारी के संकल्प को स्मरण करने का अवसर है। झारखंड राज्य के निर्माण के लिए आंदोलनकारियों द्वारा किए गए संघर्ष, बलिदान और समर्पण को हम सदैव सम्मान के साथ याद करेंगे। उनकी मेहनत और कुर्बानी के कारण आज हम अलग झारखंड राज्य में रह रहे हैं।”

सांसद कालीचरण सिंह और विधायक जनार्दन पासवान ने भी आंदोलनकारियों के योगदान को श्रद्धांजलि दी और कहा कि उनकी प्रेरणा से नई पीढ़ी को विकास के पथ पर आगे बढ़ना चाहिए। यह कार्यक्रम झारखंड आंदोलन के इतिहास को नई पीढ़ी तक पहुंचाने और आंदोलनकारियों के प्रति सम्मान व्यक्त करने का माध्यम बना।

उपायुक्त रवि आनंद ने आंदोलनकारियों के योगदान को अमर बनाने के लिए भविष्य में और बेहतर कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया। समारोह में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को गरिमा प्रदान की।