Sunday, May 31, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय हमीरपुर में मोबाइल फ्लैश की रोशनी में घायल को लगाए गए टांके,...

हमीरपुर में मोबाइल फ्लैश की रोशनी में घायल को लगाए गए टांके, स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे सवाल

0
6

हमीरपुर, 31 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर के एक सरकारी अस्पताल का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसके बाद जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सुमेरपुर में एक घायल व्यक्ति को मोबाइल फोन की फ्लैश लाइट की रोशनी में टांके लगाए जाते हुए देखा जा सकता है।

जानकारी के अनुसार, लड़ाई-झगड़े में घायल हुई एक महिला को इलाज के लिए सुमेरपुर सीएचसी लाया गया था। बताया जा रहा है कि इस दौरान अस्पताल में बिजली ही नहीं थी, जिसके बाद मोबाइल की रोशनी का सहारा लिया गया।

इतना ही नहीं, वीडियो में एक सफाईकर्मी जिसकी पहचान पप्पू के रूप में बताई जा रही है, घायल को टांके लगाता नजर आ रहा है। बताया जा रहा है कि इस दौरान कुछ पुलिस के जवान भी वहां मौजूद थे।

वीडियो सामने आने के बाद जिले की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर सवाल उठने लगे हैं। इसे मरीजों के उपचार में लापरवाही और अस्पतालों में बुनियादी सुविधाओं का अभाव बताया जा रहा है। वायरल वीडियो को लेकर स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, मामले में स्वास्थ्य विभाग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

फिलहाल, सोशल मीडिया पर वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इस घटना की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। रिपोर्ट्स की मानें तो मामले की जांच के लिए आदेश दे दिए गए हैं।

बता दें कि भीषण गर्मी के बीच उत्तर प्रदेश के कई क्षेत्रों में बिजली की आपूर्ति में तरह-तरह की समस्याओं की खबरें भी सामने आई हैं। ऊर्जा मंत्री एके सिंह पर विपक्ष ने जमकर सवाल उठाए हैं लेकिन मंत्री ने साफ कहा कि हर साल की तुलना में बिजली की आपूर्ति में सुधार है और खामियों को दूर किया जा रहा है।