Sunday, May 31, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय दिल्ली: इमारत गिरने के बाद एक्शन में दिल्ली सीएम, किया घटनास्थल का...

दिल्ली: इमारत गिरने के बाद एक्शन में दिल्ली सीएम, किया घटनास्थल का दौरा, कड़ी कार्रवाई के निर्देश

0
7

नई दिल्ली, 31 मई (आईएएनएस)। दक्षिण दिल्ली के सैदुलाजब इलाके में निर्माणाधीन इमारत गिरने की घटना में एक शख्स की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हैं। दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता ने घटनास्थल का दौरा किया है।

घटना शनिवार शाम को हुई, रात भर राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी रहा और अब भी मलबे में अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका के मद्देनजर एनडीआरएफ समेत कई एजेंसियां मौके पर तैनात हैं।

दिल्ली सीएमओ के सोशल मीडिया अकाउंट पर जानकारी दी गई कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज सैदुलाजाब में घटनास्थल का दौरा किया और चल रहे राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की। बचाव दल कल रात से ही लगातार इन कार्यों में जुटे हुए हैं। मुख्यमंत्री के निर्देशों पर त्वरित कार्रवाई की गई है और महरौली पुलिस थाने में एक आपराधिक मामला दर्ज किया गया है। दक्षिण जिले के जिला मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में एक मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए जा रहे हैं।

आगे बताया गया कि इसके अतिरिक्त, अधिकारियों को आसपास की जर्जर और खतरनाक इमारतों का निरीक्षण करने तथा जहां भी आवश्यक हो, वहां कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने सभी अनाधिकृत इमारतों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के आदेश दिए हैं और यह निर्देश दिया है कि संबंधित विभागों के सभी जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाए।

अधिकारियों के अनुसार, मृतक की पहचान रवि (26) के रूप में हुई है। उन्हें अस्पताल ले जाने पर ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल लोगों में साइका खान (27), आदित्य शर्मा (24), तरुण कुमार (26), अनुज दीक्षित (25), नीलम यादव (25), क्षितिज प्रताप (25), आस्था (25) और विशाल (24) शामिल हैं। सभी का इलाज एम्स ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है।

यह हादसा शनिवार शाम सैदुलाजब इलाके में हुआ, जब एक चार मंजिला निर्माणाधीन व्यावसायिक इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। इमारत का मलबा पास स्थित टीन शेड कैंटीन पर भी आ गिरा, जहां उस समय बच्चे मौजूद थे। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़े स्तर पर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।

बचाव कार्य में राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल, दिल्ली पुलिस, सिविल डिफेंस, दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, दमकल विभाग और एंबुलेंस सेवाओं की टीमों को लगाया गया।

अधिकारियों के मुताबिक, अब तक मलबे से कुल नौ लोगों को निकाला गया है। इनमें दो लोगों को स्थानीय लोगों ने बचाया, जबकि सात लोगों को एनडीआरएफ और डीडीएमए की मदद से बाहर निकाला गया। इनमें से एक की मौत हो चुकी है।