Sunday, May 31, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति ‘मन की बात’ में जशपुर के एथलीट अनिमेष और मल्हार की पुरातात्विक...

‘मन की बात’ में जशपुर के एथलीट अनिमेष और मल्हार की पुरातात्विक खोजों का जिक्र गर्व की बात : सीएम विष्णु देव साय

0
2

रायपुर, 31 मई (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 134वें एपिसोड की सराहना करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम देशभर के लोगों को प्रेरित करने और नवाचार का महत्वपूर्ण मंच बन गया है। उन्होंने विशेष रूप से कार्यक्रम में जशपुर के युवा एथलीट अनिमेष और मल्हार में हुई महत्वपूर्ण पुरातात्विक खोजों का उल्लेख किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मुख्यमंत्री आवास में ‘मन की बात’ कार्यक्रम का प्रसारण सुना। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि देश के करोड़ों लोगों की तरह उन्हें भी हर महीने के अंतिम रविवार का इंतजार रहता है, क्योंकि इस दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे प्रेरणादायक कार्यों और उपलब्धियों को साझा करते हैं। उन्होंने कहा कि पिछले कई एपिसोड में प्रधानमंत्री ने छत्तीसगढ़ का उल्लेख किया है और इस बार भी राज्य को विशेष पहचान मिली है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जशपुर जिले के युवा एथलीट अनिमेष ने राष्ट्रीय स्तर पर रिकॉर्ड बनाकर प्रदेश का नाम रोशन किया है। प्रधानमंत्री मोदी द्वारा ‘मन की बात’ में उनके प्रयासों और उपलब्धि का जिक्र किया जाना न केवल अनिमेष के लिए, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों की ओर से वह प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हैं कि उन्होंने राज्य की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच पर सम्मान दिया।

विष्णु देव साय ने कहा कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें राजनीति से इतर देश के विभिन्न हिस्सों में हो रहे नवाचार, सामाजिक परिवर्तन, वैज्ञानिक उपलब्धियों और प्रेरणादायक प्रयासों की चर्चा होती है। इससे विशेषकर युवाओं को नई दिशा और प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री लगातार ऐसे लोगों और पहलों को सामने लाते हैं, जो समाज में सकारात्मक बदलाव ला रहे हैं और राष्ट्र निर्माण में योगदान दे रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के ऐतिहासिक और पुरातात्विक महत्व वाले स्थल मल्हार का उल्लेख किए जाने पर भी खुशी जताई। उन्होंने कहा कि हाल ही में मल्हार से तीन ताम्रपत्रों की महत्वपूर्ण खोज हुई है, जो राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को उजागर करती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा इस खोज का उल्लेख किए जाने से प्रदेश की ऐतिहासिक धरोहर को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी नागरिकों को ‘मन की बात’ कार्यक्रम सुनना चाहिए और प्रधानमंत्री द्वारा साझा किए जाने वाले नवाचारों, उपलब्धियों और सकारात्मक संदेशों से प्रेरणा लेनी चाहिए।

इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पश्चिम बंगाल की राजनीति पर भी टिप्पणी की। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) नेता अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले को लेकर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा लगाए गए राजनीतिक आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी चुनावी हार से विचलित दिखाई दे रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में पिछले कई वर्षों के दौरान चुनावों में हिंसा और राजनीतिक गुंडागर्दी की घटनाओं से पूरा देश परिचित है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की जनता अब बदलाव चाहती है और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के माध्यम से अपना निर्णय दे रही है। उन्होंने दावा किया कि जनता ने तृणमूल कांग्रेस की कार्यशैली को नकारते हुए सुशासन की दिशा में कदम बढ़ाया है। विष्णु देव साय ने कहा कि पश्चिम बंगाल में राजनीतिक परिस्थितियां बदल रही हैं और वहां बेहतर प्रशासन तथा सुशासन की नई शुरुआत होने की उम्मीद दिखाई दे रही है।