Monday, June 1, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति 2027 में पंजाब में बनेगी भाजपा की सरकार, राहुल गांधी के बारे...

2027 में पंजाब में बनेगी भाजपा की सरकार, राहुल गांधी के बारे में बात करने में आती है शर्म: केवल सिंह ढिल्लों

0
4

चंडीगढ़, 1 जून (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी पंजाब के नवनियुक्त अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 साल के कार्यकाल की उपलब्धियों पर प्रतिक्रिया दी। इसके साथ कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर कटाक्ष किया। इसके साथ ही दावा किया कि 2027 में पंजाब में भाजपा की सरकार बनेगी।

पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत के लिए जो काम किया है, वैसा पहले कोई नहीं कर पाया। उन्होंने भारत को इतना विकसित किया है कि यह विश्व की चौथी या पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। उनका लक्ष्य विकसित भारत को विश्व की नंबर एक अर्थव्यवस्था बनाना है और वे इसे हासिल करेंगे क्योंकि वे जो कहते हैं, उसे पूरा करते हैं। पीएम मोदी का ध्यान गरीबों के लिए मुफ्त आवास, शौचालय निर्माण और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं को लागू करने पर है। वे बहुत प्रगतिशील सोच रखते हैं। आज हमारी जीडीपी 7.8 है, जो विकसित देश से कहीं अच्छा है। नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में भारत में हर क्षेत्र में विकास हुआ है। रेल, रोड और हवाई अड्डे का विकास हुआ। 2029 में नरेंद्र मोदी ही देश के प्रधानमंत्री होंगे। विदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ और सम्मान होता है।”

ढिल्लों ने आगे कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, गृह मंत्री अमित शाह, वरिष्ठ नेतृत्व और पंजाब का पूरा नेतृत्व मिलकर काम कर रहा है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व के मार्गदर्शन में एक ही नारा है, ‘सबका साथ, सबका विकास।’ प्रधानमंत्री सबका विकास करना चाहते हैं। आजादी के बाद से जितना विकास नहीं हुआ था, उतना 12 साल प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हुआ है। यूरोपीय यूनियन के देशों से समझौता किया कि भारत का माल वहां निर्यात किया जाए। दुनिया में डीजल-पेट्रोल की किल्लत है, लेकिन प्रधानमंत्री ने भारत में यह समस्या नहीं आने दी।

पंजाब भाजपा अध्यक्ष ने कहा, “राहुल गांधी के बारे में क्या कहा जाए? वे देश के लिए नहीं बोलते, बल्कि देश को बर्बाद करने की बात करते हैं। राहुल गांधी के बारे में मैं क्या कहूं? उनके बारे में बात करते हुए भी मुझे शर्म आती है।”

केवल सिंह ने आगे कहा, “पंजाब में भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ काम करूंगा। भाजपा शासित राज्यों में विकास हो रहा है लेकिन पंजाब पिछड़ा हुआ है। पंजाब में विकास सिर्फ भारतीय जनता पार्टी की सरकार कर सकती है। 2027 में पंजाब में भाजपा की सरकार बनाएंगे।”