Monday, June 1, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय अखिलेश यादव 2027 तक करें इंतजार, फिर बनेगी भाजपा सरकार : केशव...

अखिलेश यादव 2027 तक करें इंतजार, फिर बनेगी भाजपा सरकार : केशव प्रसाद मौर्य

0
4

लखनऊ, 1 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव को साल 2027 तक इंतजार करना चाहिए। उन्‍होंने दावा किया कि आगामी चुनाव में भाजपा सरकार फिर तय है।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के उस बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है, जिसमें अखिलेश यादव ने दावा किया था कि जून माह का बिजली बिल देखकर लोगों की आंखों के सामने अंधेरा छा जाएगा और भाजपा सरकार अपना कमीशन बढ़ाएगी।

इस पर पलटवार करते हुए उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने आईएएनएस से कहा कि अखिलेश यादव को 2027 तक इंतजार करना चाहिए और वह अपने बयान देते रहें। उन्होंने कहा कि बयान देना उनका अधिकार है, लेकिन वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी एक बार फिर जीत हासिल करेगी और प्रदेश में कमल फिर खिलेगा।

दरअसल, उत्तर प्रदेश में बिजली के बढ़े हुए सरचार्ज को लेकर अखिलेश यादव और भाजपा के बीच राजनीतिक बयानबाजी लगातार तेज होती जा रही है।

इस दौरान केशव प्रसाद मौर्य ने प्रदेश सरकार द्वारा मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किए जाने के कार्यक्रम का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार हमेशा से मेधावियों को प्रोत्साहित करती रही है और आगे भी यह परंपरा जारी रहेगी।

उन्‍होंने कहा कि प्रदेश के मेधावी छात्र-छात्राएं और युवा ही राज्य का भविष्य हैं। सरकार उनकी शिक्षा, कौशल विकास और प्रगति के लिए हर संभव सहयोग प्रदान कर रही है। उन्होंने बताया कि इसी उद्देश्य से मेधावी छात्रों को सम्मानित करने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया था।

पश्चिम बंगाल में कैबिनेट विस्तार को लेकर पूछे गए सवाल पर भी उपमुख्यमंत्री ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यदि सरकार है तो कैबिनेट बैठक और विस्तार जैसी प्रक्रियाएं स्वाभाविक रूप से होती हैं। उन्होंने संक्षिप्त टिप्पणी करते हुए कहा कि पहले कैबिनेट बैठक होने दीजिए, उसके बाद स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।