नई दिल्ली, 1 जून (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लोकसभा सांसद एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. संबित पात्रा ने सोमवार को मीडिया को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की अध्यक्षता में आयोजित वरिष्ठ भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की हुई बैठक की प्रमुख जानकारियां साझा कीं।
उन्होंने बैठक में नरेन्द्र मोदी सरकार के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 वर्षों, संगठन के विस्तार, जमीनी स्तर पर पार्टी को और अधिक सशक्त बनाने तथा समाज के विभिन्न वर्गों तक संगठन की पहुंच को व्यापक करने के उद्देश्य से भविष्य की पहलों पर हुई महत्वपूर्ण चर्चाओं के बारे में बताया। पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को राष्ट्रीय अध्यक्ष का मार्गदर्शन भी प्राप्त हुआ।
डॉ. पात्रा ने कहा कि आज दिल्ली स्थित भारतीय जनता पार्टी के मुख्यालय विस्तार में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की अध्यक्षता में भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की बैठक चल रही है। यह एक बहुत लंबी बैठक रही है। यह बैठक लगभग 2:30 बजे से आरंभ हुई थी और अभी भी चल रही है। सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने वाले हैं और सभी ने देखा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत किस प्रकार आगे बढ़ा है। हर क्षेत्र में भारत आगे बढ़ा है। आज 22 राज्यों में भारतीय जनता पार्टी एवं एनडीए को सरकार के रूप में सेवा का अवसर मिला है।
राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि केवल सरकार ही नहीं, संगठन का भी बहुत बड़ा विस्तार हुआ है। पूरे भारतवर्ष में, जहां कभी केवल दो सांसद थे, वहां आज संगठन के विस्तार के कारण भाजपा बहुत आगे बढ़ी है। आज की इस बैठक का मुख्य आधार भी संगठन के इसी विस्तार को लेकर था। भाजपा का स्पष्ट मानना है कि कार्यकर्ता देव दुर्लभ होते हैं। उनके सुझावों के आधार पर, सभी से सुझाव लेकर और सभी विषयों को संग्रहित करके आगे किस प्रकार पार्टी के कार्य का जमीनी स्तर पर विस्तार किया जा सके और उसे बढ़ाया जा सके, इसलिए सभी आयामों पर विस्तृत चर्चा की जा रही है।
भाजपा सांसद ने कहा कि संगठन के विस्तार में भाजपा की कार्य पद्धति में एक बहुत बड़ा परिवर्तन नितिन नवीन की अध्यक्षता में होने वाला है। इसमें युवाओं को कैसे जोड़ा जा सके, महिलाओं का सशक्तिकरण कैसे हो, अनुसूचित जाति और जनजाति कैसे अधिक शक्ति के साथ आगे बढ़ें तथा प्रोफेशनल्स कैसे और आगे बढ़ें, इन सभी विषयों पर गहन चिंतन चल रहा है।

