Tuesday, June 2, 2026
SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय बांग्लादेश: चटगांव हिल ट्रैक्ट्स अफेयर्स मंत्री दीपेन दीवान ने दिया इस्तीफा, त्याग...

बांग्लादेश: चटगांव हिल ट्रैक्ट्स अफेयर्स मंत्री दीपेन दीवान ने दिया इस्तीफा, त्याग पत्र के कारण पर छिड़ा विवाद

0
4

ढाका, 1 जून (आईएएनएस)। बांग्लादेश में चटगांव हिल ट्रैक्ट्स अफेयर्स मंत्री दीपेन दीवान ने आज शारीरिक परेशानियों का हवाला देते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया। हालांकि, दीपेन के समर्थकों का दावा है कि उन्होंने स्वास्थ्य कारणों से नहीं, दबाव के कारण महज तीन महीने के कार्यकाल में इस्तीफा दिया है।

बांग्लादेशी मीडिया द डेली स्टार के अनुसार, प्रधानमंत्री तारिक रहमान को लिखे इस्तीफे में दीपेन ने कहा कि उन्हें स्वास्थ्य से जुड़ी कई समस्याएं हो रही थीं, जिससे उन्हें अपना काम करने में मुश्किलें आ रही थीं।

द डेली स्टार ने बताया कि प्रधानमंत्री के अतिरिक्त प्रेस सचिव अतीकुर रहमान ने मीडिया के साथ इस्तीफे की एक कॉपी साझा कर मामले की पुष्टि की। त्यागपत्र में दीपेन ने लिखा कि सरकार के विकास और सरकारी कामों की रफ्तार बनाए रखने में मदद के लिए पद से हटना जरूरी था।

पत्र में कहा गया, “मेरी शारीरिक बीमारी की वजह से, मुझे सौंपी गई जिम्मेदारियों को निभाने में कई तरह की दिक्कतें आ रही हैं।” लगभग साढ़े तीन महीने पहले दीपेन दीपान ने इस पद की जिम्मेदारी संभाली थी।

दीवान इससे पहले वरिष्ठ संयुक्त जिला जज थे और उन्होंने 2005 में सरकारी नौकरी से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद वो बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी में शामिल हो गए थे।

बांग्लादेशी मीडिया के अनुसार, उनके पिता सुबिमल दीवान, बीएनपी के फाउंडर और पूर्व अध्यक्ष जियाउर रहमान के सलाहकार थे। सुबिमल रंगमती जिला बीएनपी के फाउंडिंग जनरल सेक्रेटरी भी थे।

2010 में दीवान रंगमती में बीएनपी के अध्यक्ष चुने गए। 2016 में उन्हें पार्टी का सेंट्रल असिस्टेंट रिलीजियस अफेयर्स सेक्रेटरी बनाया गया। हालांकि इस पद की जिम्मेदारी दीवान अब भी संभाल रहे हैं।

उन्होंने 12 फरवरी को पहली बार चुनाव लड़ा, जिसमें उन्होंने यूपीडीएफ के समर्थन वाले निर्दलीय उम्मीदवार पहल चकमा को 169,066 वोटों से हराया।

17 फरवरी को बीएनपी के भारी मतों से चुनाव जीतने और तारिक रहमान की लीडरशिप में सरकार बनाने के बाद, दीवान को चटगांव पहाड़ी क्षेत्र मामलों के मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई।

बांग्लादेशी मीडिया प्रोथोम आलो के अनुसार, बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी की राजनीति में शामिल नेता और कार्यकर्ता, साथ ही पहाड़ी समुदाय के लोग यह समझने की कोशिश कर रहे हैं कि दीपेन दीवान ने ऐसा फैसला क्यों किया। दीपेन के इस्तीफे के पीछे की असली वजह को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।

उनके समर्थकों ने रंगमती में सड़क जाम कर दिया और उनका इस्तीफा वापस लेने और उन्हें फिर से बहाल करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का दावा है कि दीपेन दीवान को दबाव के कारण इस्तीफा देने के लिए मजबूर किया गया। हालांकि अपने इस्तीफे में उन्होंने शारीरिक दिक्कतों और बीमारी का हवाला दिया।

स्थानीय बीएनपी नेताओं ने कहा कि उन्हें दीपेन दीवान के इस्तीफे का अंदाजा नहीं था। उनका मानना ​​है कि उन्होंने मंत्रालय चलाने, रंगमती राजनीति को नियंत्रित करने और चटगांव पहाड़ी क्षेत्र में जिला परिषद में सरकारी नियुक्ति करने की प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों की वजह से इस्तीफा दिया होगा।

चटगांव पहाड़ी क्षेत्र के मामलों के मंत्रालय की गतिविधियां तीन पहाड़ी जिलों पर केंद्रित हैं। वहां तीन पार्लियामेंट्री सीटें हैं। राष्ट्रीय चुनाव मं बीएनपी उम्मीदवारों ने रंगमती, खगराछारी और बंदरबन तीनों सीटें जीतीं। सा चिंग प्रू जेरी बंदरबन से और वदूद भुइयां खगराछारी से चुने गए।