Tuesday, June 2, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल फ्रेंच ओपन 2026: माटेओ अर्नाल्डी ने बनाई क्वार्टर फाइनल में जगह, कड़े...

फ्रेंच ओपन 2026: माटेओ अर्नाल्डी ने बनाई क्वार्टर फाइनल में जगह, कड़े मुकाबले में टियाफो को दी मात

0
6

पेरिस, 2 जून (आईएएनएस)। माटेओ अर्नाल्डी ने फ्रेंच ओपन 2026 के क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह बना ली है। पांच सेट तक चले मुकाबले में अर्नाल्डी ने फ्रांसिस टियाफो को हराकर पहली बार किसी ग्रैंड स्लैम के क्वार्टर फाइनल का टिकट हासिल किया।

25 साल वर्षीय खिलाड़ी ने मंगलवार को 19वें नंबर के अमेरिकी खिलाड़ी को 7-6(5), 6-7(5), 3-6, 7-6(3), 6-4 से हराया। यह रोमांचक मुकाबला पांच घंटे 26 मिनट तक चला। इटली के खिलाड़ी ने फ्रेंच ओपन के क्वार्टर फाइनल तक पहुंचने में कुल 17 घंटे 42 मिनट का समय लगाया है। यह 1991 से अब तक के रिकॉर्ड के अनुसार किसी भी ग्रैंड स्लैम में क्वार्टर फाइनल तक पहुंचने का सबसे लंबा समय है। यह पिछले रिकॉर्ड से लगभग 1 घंटा 58 मिनट ज्यादा है।

दोनों खिलाड़ियों ने पहले सेट में बराबरी की, लेकिन इसके बाद अमेरिकी खिलाड़ी टियाफो ने बेहतरीन खेल खेलते हुए अपनी क्षमता दिखाई। उन्होंने चौथे सेट में 4-1 की बढ़त बना ली और ऐसा लग रहा था कि वह लगातार दूसरे साल फ्रेंच ओपन के क्वार्टर फाइनल में पहुंच जाएंगे। टाईब्रेक में 25 साल के टियाफो ने आक्रामक खेल दिखाया और कई तेज और रोमांचक रैलियों में बढ़त बनाई। हालांकि, अर्नाल्डी ने भी शानदार वापसी की, उन्होंने हवा में कूदकर एक जोरदार बैकहैंड मारा और कुछ ही देर बाद निर्णायक अंक जीत लिया।

इस समय अर्नाल्डी पूरी तरह लय में थे और अपने शानदार ग्राउंडस्ट्रोक्स की मदद से उन्होंने 4-2 की बढ़त बना ली। हालांकि, टियाफो ने हार नहीं मानी और एक दमदार फोरहैंड लगाकर स्कोर 4-4 से बराबर कर दिया। रोमांचक मुकाबले के दौरान एक ही रैली में टियाफो दो बार गिर भी पड़े। इसके बाद अर्नाल्डी ने फिर से अपना नियंत्रण वापस पाया और आखिर में अपने तीसरे मैच पॉइंट को जीत में बदलकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।

अर्नाल्डी अब अपने ही देश के खिलाड़ी माटेओ बेरेटिनी से भिड़ेंगे। खास बात यह है कि अर्नाल्डी, बेरेटिनी और फ्लेवियो कोबोली मिलकर एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल कर चुके हैं। ये तीनों ओपन एरा में पहली बार ऐसे इटैलियन खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्होंने एक ही ग्रैंड स्लैम के पुरुष सिंगल्स के क्वार्टर फाइनल तक जगह बनाई है। यानी इटली के तीनों खिलाड़ियों ने एक साथ अंतिम आठ में पहुंचकर नया रिकॉर्ड कायम कर दिया है।