Tuesday, June 2, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल स्टुअर्ट बिन्नी: पिता के नक्शेकदम पर चले, डेब्यू टेस्ट मैच में बने...

स्टुअर्ट बिन्नी: पिता के नक्शेकदम पर चले, डेब्यू टेस्ट मैच में बने टीम इंडिया के खेवनहार

0
8

नई दिल्ली, 2 जून (आईएएनएस)। भारत के पूर्व ऑलराउंडर स्टुअर्ट बिन्नी ने मध्यम गति की गेंदबाजी और उपयोगी बल्लेबाजी से टीम इंडिया में अपनी खास पहचान बनाई। स्टुअर्ट ने अपने पिता रॉजर बिन्नी के नक्शेकदम पर चलते हुए क्रिकेट जगत में पहचान बनाई। साल 2014 में बांग्लादेश के खिलाफ महज 4 रन देकर 6 विकेट हासिल करने वाले बिन्नी के उस स्पेल को शायद ही कोई फैन भूल सके।

3 जून 1984 को बैंगलोर में जन्मे स्टुअर्ट बिन्नी को शुरुआत में कर्नाटक टीम जगह बनाने के लिए संघर्ष करना पड़ा। हैदराबाद हीरोज और इंडिया इलेवन के लिए खेलते हुए स्टुअर्ट ने प्रमुख ऑलराउंडर के तौर पर पहचान बनाई।

इंडियन क्रिकेट लीग (आईसीएल) छोड़ने के बाद स्टुअर्ट बिन्नी कर्नाटक टीम में वापस लौटे और एक महत्वपूर्ण खिलाड़ी के रूप में पहचान बनाई। स्टुअर्ट के लिए 2013-14 का घरेलू सीजन बेहद खास रहा, जिसमें उन्होंने 43.22 की औसत से 443 रन बनाए और 32.64 की औसत से 14 विकेट हासिल किए। इस दौरान कर्नाटक की रणजी ट्रॉफी जीत में अहम भूमिका निभाई।

घरेलू क्रिकेट में शानदार छाप छोड़ते हुए स्टुअर्ट ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर डेब्यू किया। साल 2014 में उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे फॉर्मेट में डेब्यू का मौका मिला। जुलाई 2014 में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया।

इंग्लैंड की पहली पारी में स्टुअर्ट 10 ओवरों में कोई सफलता हासिल नहीं कर सके, लेकिन भारत की दूसरी पारी में उन्होंने 114 गेंदों का सामना करते हुए 1 छक्के और 8 चौकों के साथ 78 रन की पारी खेलकर मुकाबला ड्रॉ करवाने में अहम भूमिका निभाई थी।

हालांकि, सीरीज के अन्य दो मैच में वह खासा प्रभावित नहीं कर सके, जिसके बाद उन्हें करीब 1 साल तक टेस्ट टीम में मौका नहीं मिल सका। श्रीलंका और साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट मैच की प्लेइंग इलेवन में शामिल होने के बाद स्टुअर्ट को फिर कभी टेस्ट टीम में मौका नहीं मिल सका। स्टुअर्ट बिन्नी को साल 2015 में वर्ल्ड कप के लिए चुना गया, लेकिन एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला।

स्टुअर्ट बिन्नी ने भारत के लिए 6 टेस्ट मैच में 194 बनाने के साथ 3 विकेट हासिल किए, जबकि 14 वनडे मकुाबलों में 230 रन जुटाने के साथ 20 विकेट भी अपने नाम किए।

स्टुअर्ट बिन्नी को आईपीएल 2009/10 सीजन के लिए मुंबई इंडियंस ने अपने साथ जोड़ा। इसके बाद अगले साल 2011 से 2015 के बीच बिन्नी राजस्थान रॉयल्स टीम का हिस्सा रहे। आईपीएल 2016 और 2017 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के साथ खेलने के बाद अगले दो सीजन के लिए बिन्नी ने एक बार फिर राजस्थान रॉयल्स टीम में वापसी की। आईपीएल करियर के 95 मुकाबलों में स्टुअर्ट बिन्नी ने कुल 880 रन बनाने के साथ 22 विकेट हासिल किए।

95 फर्स्ट क्लास मुकाबलों में उनके नाम 11 शतकों और 22 अर्धशतकों के साथ 4,796 रन दर्ज हैं। गेंद से उन्होंने 148 विकेट हासिल किए। वहीं, 100 लिस्ट-ए मुकाबलों में 1,788 रन बनाने के साथ 99 विकेट निकाले।