नई दिल्ली, 2 जून (आईएएनएस)। गुजरात भाजपा के वरिष्ठ नेता योगेश पटेल के निधन पर मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और डिप्टी सीएम हर्ष संघवी ने दुख जताया। वह लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधित समस्याओं से जूझ रहे थे, एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। वडोदरा की सियासत में योगेश भाई पटेल अहम चेहरा रहे हैं।
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर दुख जताते हुए लिखा कि मैं मांजलपुर के विधायक योगेशभाई पटेल के निधन पर अपना गहरा शोक व्यक्त करता हूं। वे राष्ट्र सेवा और जनसेवा के प्रति पूरी निष्ठा से समर्पित थे और उन्होंने आम लोगों के दिलों में एक विशेष स्थान बना लिया था। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि वे उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें, और उनके शोकाकुल परिवार तथा समर्थकों को इस दुख को सहन करने की शक्ति दें।
डिप्टी सीएम हर्ष संघवी ने दुख जताते हुए एक्स पोस्ट में लिखा कि वडोदरा शहर के लोकप्रिय जन-प्रतिनिधि, वरिष्ठ भाजपा नेता और मांजलपुर के विधायक योगेशभाई पटेल के निधन का समाचार अत्यंत हृदयविदारक है। ईश्वर उनकी दिवंगत आत्मा को चिरशांति प्रदान करें तथा शोक-संतप्त परिवारजनों एवं शुभचिंतकों को इस दुख को सहन करने की शक्ति दें।
केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल ने दुख जताते हुए एक्स पोस्ट पर लिखा कि वडोदरा के मांजलपुर क्षेत्र से विधायक और सामाजिक जीवन से जुड़े व्यक्तित्व, योगेशभाई पटेल के निधन का समाचार अत्यंत हृदयविदारक है। अपने लंबे सार्वजनिक जीवन के दौरान उन्होंने विकास, जन-कल्याण और लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य किया। अपने सरल स्वभाव और लोगों के साथ अपनेपन के कारण उन्होंने जनमानस के हृदय में एक विशेष स्थान बनाया था। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें और परिवारजनों, शुभचिंतकों तथा समर्थकों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करें, यही हमारी प्रार्थना है।
भाजपा सांसद राजेश चुडासमा ने एक्स पोस्ट पर लिखा कि लोकप्रिय विधायक योगेशभाई पटेल के निधन से भाजपा परिवार ने एक समर्पित जन-प्रतिनिधि खो दिया है। ईश्वर उनकी आत्मा को चिर-शांति प्रदान करें और उनके परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति दें।

