Wednesday, June 3, 2026
SGSU Advertisement
Home Student & Youth टीजीटी परीक्षा आज, प्रयागराज में बने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता...

टीजीटी परीक्षा आज, प्रयागराज में बने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

0
8

प्रयागराज, 3 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (यूपीईएसएससी) की ओर से टीजीटी (प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक) परीक्षा 3 और 4 जून को दो पाली में आयोजित की जा रही है। इसी क्रम में बुधवार को प्रयागराज के सभी केंद्रों पर शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से आयोजित की जा रही है।

प्रयागराज में परीक्षा केंद्रों के बाहर सुबह से ही परीक्षार्थी एकत्रित होने शुरू हो गए थे। निष्पक्ष और नकल-मुक्त बनाने के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। नियमों के तहत परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल, ब्लूटूथ और डिजिटल घड़ियां जैसी इलेक्ट्रॉनिक सामग्रियों पर पूरी तरह से प्रतिबंध है। वहीं परीक्षा में किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए प्रवेश पत्र में दिए गए नियमों का सख्ती से पालन अनिवार्य है।

परीक्षा केंद्र पर व्यवस्थाओं में जुटे शिक्षक विश्वनाथ मिश्र ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “यूपीईएसएससी की ओर से बुधवार और गुरुवार को टीजीटी की परीक्षा कराई जाएगी। दो-दो पालियों में परीक्षाएं संचालित होंगी। हमारी सबसे पहली प्राथमिकता यह है कि परीक्षा देने आ रहे अभ्यर्थियों के पास मूल आईडी और प्रवेश पत्र ये दोनों चीजें होनी चाहिए। इसके अलावा, बायोमैट्रिक भी कराई जा रही है। तभी अभ्यर्थियों को परीक्षा हॉल में भेजा जा रहा है।”

जौनपुर से परीक्षा देने पहुंचे एक अभ्यर्थी ने कहा, “मैं परीक्षा को लेकर अपनी तैयारी ठीक से करके आया हूं। परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था है। अंदर किसी भी इलेक्ट्रॉनिक सामान को ले जाने की सख्त मनाही है।”

एक अन्य अभ्यर्थी ने कहा, “परीक्षा केंद्र पर व्यवस्थाएं बहुत अच्छी हैं। यहां प्रशासन की टीमें भी मौजूद हैं, ताकि नकल-विहीन परीक्षा हो सके। परीक्षा सही ठीक से कराने की बात कही गई है, जो वाकई अच्छा है।”

टीजीटी (प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक) भर्ती परीक्षा को लेकर उत्तर प्रदेश के 36 जनपदों में 614 सेंटर बनाए गए हैं। यूपीईएसएससी ने कुल 3539 पदों के लिए भर्ती निकाली है, जिसमें कुल 868531 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है।