Wednesday, June 3, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय विश्व साइकिल दिवस पर सीएम उमर अब्दुल्ला ने साइक्लोथॉन को दिखाई हरी...

विश्व साइकिल दिवस पर सीएम उमर अब्दुल्ला ने साइक्लोथॉन को दिखाई हरी झंडी

0
6

श्रीनगर, 3 जून (आईएएनएस)। विश्व साइकिल दिवस पर मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने श्रीनगर में साइक्लोथॉन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर सीएम अब्दुल्ला ने नागरिकों को साइकिल चलाने के लिए प्रोत्साहित किया। इस कार्यक्रम का आयोजन जम्मू-कश्मीर खेल युवा परिषद द्वारा किया गया था। कार्यक्रम रॉयल स्प्रिंग गोल्फ कोर्स से शुरू होकर कश्मीर विश्वविद्यालय में समाप्त हुआ। इस कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने भाग लिया, जिनमें स्थानीय और राष्ट्रीय स्तर के साइकिल चालक भी शामिल थे।

इस मौके पर मुख्यमंत्री के सलाहकार नासिर असलम वानी ने मीडिया से बातचीत में कहा, “यह एक बहुत अच्छी पहल है। हम कश्मीर में इस तरह की खेल गतिविधियों का आयोजन करने की कोशिश कर रहे हैं। इससे पहले, गोल्फ प्रतियोगिता और मैराथन होती थी। अब, हम साइक्लोथॉन का आयोजन कर रहे हैं। जम्मू साइक्लोथॉन और कश्मीर साइक्लोथॉन भी होंगे। इन गतिविधियों के माध्यम से, हम युवाओं को खेल गतिविधियों की ओर आकर्षित करने का प्रयास कर रहे हैं। हमारे लिए, यह पर्यटन को बढ़ावा देने का भी एक माध्यम है। इस तरह के स्पोर्ट्स से जुड़े आयोजन किए जाएंगे।”

जम्मू-कश्मीर खेल परिषद के सचिव नुजहत गुल ने कहा, “खेलों को लेकर जम्मू और कश्मीर खेल परिषद और खेल विभाग की ओर से एक कैलेंडर बनाया जाता है। यह साइक्लोथॉन विश्व साइकिल दिवस मनाने और आलस्य के विरुद्ध आवाज उठाने की एक पहल है। जम्मू-कश्मीर की ओर से यह सशक्त संदेश देने के लिए है कि हम फिटनेस और फिट इंडिया के लिए प्रतिबद्ध हैं। आज हमने जम्मू साइक्लोथॉन का लोगो और शुभंकर लॉन्च किया। प्रचार अभियान और पंजीकरण भी शुरू हो चुके हैं। आज हमने कश्मीर साइक्लोथॉन का भी शुभारंभ किया है। हम जल्द ही इसके लिए भी पंजीकरण शुरू करेंगे।”

जम्मू और कश्मीर के खेल मंत्री सतीश शर्मा भी इस अवसर पर उपस्थित थे और उन्होंने विश्व साइकिल दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, “आज के समय में जम्मू-कश्मीर में ड्रग्स बड़ी समस्या बन गई है। इसलिए विश्व साइकिल पर ‘ड्रग्स को न कहें’ थीम रखी गई। जाने-अनजाने में बहुत से युवा नशे की लत में बर्बाद हो रहे हैं। इनको मुख्य धारा में लाने के लिए हमारी प्राथमिकता है। ऐसे बच्चों को समाज को स्वीकार करना होगा। बच्चों को नशे से दूर रखने के लिए स्पोर्ट्स के कई आयोजन करने जा रहे हैं। हमारा उद्देश्य है कि युवा खेलों की तरफ बढ़ें और नशे से दूर रहें। इसको लेकर तैयारियां की जा रही हैं।”

उन्होंने आगे कहा, “मैंने भी आज साइकिल चलाई, इसलिए मैं आप सभी से कहना चाहता हूं कि हमें ‘नशे को ना कहें और खेल को हां कहें’ के विषय का पालन करना चाहिए। आने वाले दिनों में और भी शानदार कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। हम हर महीने एक उच्च स्तरीय कार्यक्रम आयोजित करेंगे, ताकि खेल स्तर पर बुनियादी ढांचे की कमी को दूर किया जा सके।”