Wednesday, June 3, 2026
SGSU Advertisement
Home मनोरंजन सोशल मीडिया से निजी जिंदगी को क्यों दूर रखती हैं सुम्बुल तौकीर,...

सोशल मीडिया से निजी जिंदगी को क्यों दूर रखती हैं सुम्बुल तौकीर, बताई वजह

0
10

मुंबई, 3 जून (आईएएनएस)। आज के समय में सोशल मीडिया जिंदगी का एक अहम हिस्सा बन चुका है। लोग प्रोफेशनल के साथ ही पर्सनल लाइफ से जुड़ी चीजों को भी पोस्ट करते हैं, हालांकि अभिनेत्री सुम्बुल तौकीर अपनी निजी जिंदगी से जुड़ी बातों को सोशल मीडिया से दूर रखती हैं। उन्होंने इसकी वजह भी बताई है।

‘इमली’ और ‘काव्या- एक जज्बा, एक जुनून’ जैसे सफल टीवी शो में काम कर चुकीं सुम्बुल ने आईएएनएस से बातचीत के दौरान सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव और निजी जीवन को लेकर अपने विचार रखे।

अभिनेत्री ने कहा कि उनके लिए प्राइवेसी बहुत मायने रखती है और वह अपनी निजी बातें सार्वजनिक करना पसंद नहीं करतीं। सोशल मीडिया पर क्या शेयर करना है और क्या नहीं, इसे लेकर सुम्बुल तौकीर काफी सतर्क रहती हैं और अपनी निजी सीमाओं का सम्मान करना जरूरी मानती हैं।

सुम्बुल ने कहा कि हर व्यक्ति की सोच और नजरिया अलग होता है। ऐसे में वह अपनी जिंदगी के हर पहलू को सार्वजनिक करने में सहज महसूस नहीं करतीं। उन्होंने बताया कि वह सकारात्मक और नकारात्मक एनर्जी में विश्वास रखती हैं और यही कारण है कि वह सोशल मीडिया पर जरूरत से ज्यादा एक्टिव रहने से बचती हैं।

अभिनेत्री ने यह भी माना कि फैंस से जुड़े रहना उनके लिए महत्वपूर्ण है। वह समय-समय पर कुछ बातें और खास पल साझा करती हैं, लेकिन केवल वही चीजें जो उन्हें सही और सहज लगती हैं। उनके अनुसार, जिंदगी के कुछ पल ऐसे होते हैं जिन्हें सिर्फ महसूस किया जाना चाहिए, न कि हर किसी को दिखाया जाना चाहिए।

सोशल मीडिया पर मिलने वाली तारीफ और मान्यता के बारे में बात करते हुए सुम्बुल ने कहा कि आज के समय में लोग अनजाने में लाइक्स और कमेंट्स पर ज्यादा निर्भर होने लगे हैं। उनका मानना है कि किसी व्यक्ति की अहमियत सोशल मीडिया की प्रतिक्रिया से तय नहीं होनी चाहिए। यदि व्यक्ति खुद से संतुष्ट और खुश है, तो उसे दूसरों की लगातार स्वीकृति की जरूरत नहीं होती।

उन्होंने लगातार मोबाइल और सोशल मीडिया स्क्रॉल करने की आदत पर भी चिंता जताई। सुम्बुल ने कहा कि यह धीरे-धीरे कई लोगों के लिए एक लत बनती जा रही है, जिसका असर मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ सकता है। कई बार लोगों को लगता है कि वह कुछ महत्वपूर्ण चीजें मिस कर रहे हैं, जबकि वास्तव में ऐसा नहीं होता।

अभिनेत्री ने कहा कि असली सुकून तब मिलता है जब इंसान कुछ समय के लिए डिजिटल दुनिया से दूरी बनाकर खुद से जुड़ता है।