नोएडा, 3 जून (आईएएनएस)। पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर लक्ष्मी सिंह के नेतृत्व में कमिश्नरेट पुलिस ने एक वर्ष के दौरान वीवीआईपी सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया है। पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, 1 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026 तक जनपद में कुल 5491 वीवीआईपी आगमन एवं भ्रमण कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली सराहनीय रही।
इस अवधि में उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, अन्य राज्यों के राज्यपालों एवं मुख्यमंत्रियों सहित कई अति विशिष्ट व्यक्तियों का गौतमबुद्धनगर आगमन हुआ। इसके अलावा, जेड प्लस श्रेणी के 164 विशिष्ट महानुभावों, विदेशी प्रतिनिधिमंडलों, केंद्रीय एवं राज्य मंत्रियों, न्यायपालिका के वरिष्ठ न्यायाधीशों तथा अन्य वीवीआईपी व्यक्तियों के भी दौरे हुए।
प्रत्येक वीवीआईपी कार्यक्रम से पूर्व पुलिस कमिश्नर और वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों को विस्तृत ब्रीफिंग दी गई। अधिकारियों को सुरक्षा प्रोटोकॉल, रूट मैनेजमेंट, ट्रैफिक डायवर्जन, भीड़ नियंत्रण, समन्वय व्यवस्था और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान सतर्कता और अनुशासन बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया। वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान सुरक्षा के उच्च मानकों का पालन करते हुए एंटी-सैबोटाज चेकिंग, डॉग स्क्वॉड, बम निरोधक दस्तों की तैनाती तथा पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था की गई। इसके साथ ही विभिन्न एजेंसियों और पुलिस इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर सभी कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया गया।
गौतमबुद्धनगर पुलिस ने आम नागरिकों को न्यूनतम असुविधा सुनिश्चित करने के लिए विशेष यातायात प्रबंधन योजना लागू की। विभिन्न मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन, वैकल्पिक रास्तों की व्यवस्था तथा सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से समय-समय पर यातायात संबंधी सूचनाएं प्रसारित की गईं, जिससे लोगों को आवागमन में कम से कम परेशानी हो।
पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की कर्तव्यनिष्ठा, सतर्कता तथा कुशल नेतृत्व के परिणामस्वरूप वर्षभर में आयोजित सभी वीवीआईपी कार्यक्रम एवं भ्रमण बिना किसी बाधा के सुरक्षित और सफलतापूर्वक संपन्न हुए।
कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस ने कहा कि वह भविष्य में भी कानून-व्यवस्था बनाए रखने, आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने और विशिष्ट व्यक्तियों को उच्चस्तरीय सुरक्षा उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी।

