Thursday, June 4, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय भोपाल मंडल में किन्नरों के विरुद्ध अभियान, 346 पर कार्रवाई

भोपाल मंडल में किन्नरों के विरुद्ध अभियान, 346 पर कार्रवाई

0
7

भोपाल, 4 जून (आईएएनएस)। पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल रेल मंडल में रेलवे सुरक्षा बल ने यात्रियों से अवैध वसूली करने वाले किन्नरों सहित अन्य लोगों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। बीते करीब पांच माह की अवधि में साढ़े तीन सौ किन्नरों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।

रेल यात्रियों से लगातार मिल रही शिकायतों तथा रेलवे परिसरों एवं ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा एवं निर्बाध यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रेल सुरक्षा बल, भोपाल मंडल द्वारा विशेष सघन अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान रेलवे स्टेशनों एवं ट्रेनों में यात्रियों को अनावश्यक रूप से परेशान कर धन की मांग करने, जबरन वसूली करने तथा यात्रा में व्यवधान उत्पन्न करने जैसी गतिविधियों की रोकथाम हेतु व्यापक स्तर पर जांच एवं निगरानी की गई।

इसी क्रम में वर्ष 2026 के पांच माह में कार्रवाई के दौरान ऐसे कुल 346 किन्नरों को पकड़ा गया, जिनके विरुद्ध रेलवे अधिनियम की धाराओं के अंतर्गत विधिसम्मत कार्रवाई की गई। 2 लाख 15 हजार 7 सौ पैतीस रुपये जुर्माना वसूल किया गया, जबकि केवल मई माह में 39 किन्नरों के विरुद्ध करवाई कर 29 हजार रुपए से अधिक की जुर्माना राशि वसूल किया गया।

रेल सुरक्षा बल द्वारा मंडल के सभी पोस्टों को निर्देशित किया गया है कि वे ऐसे मामलों में सतत निगरानी रखें, नियमित जांच अभियान संचालित करें तथा यात्रियों से प्राप्त शिकायतों पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें। रेलवे प्रशासन यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं भयमुक्त यात्रा वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधा को प्रभावित करने वाली गतिविधियों के विरुद्ध ऐसे विशेष अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे। रेल सुरक्षा बल यात्रियों से भी अपील की है कि किसी भी प्रकार की असुविधा, जबरन धन मांगने अथवा संदिग्ध गतिविधि की सूचना रेलवे हेल्पलाइन 139 अथवा निकटतम आरपीएफ कर्मी को दें, ताकि शीघ्र कार्रवाई की जा सके।