बीजिंग, 4 जून (आईएएनएस)। चीनी उद्योग और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने हाल ही में घोषणा की है कि वह 6जी नवाचार और विकास को बढ़ावा देने के लिए मंत्रालय और प्रांतों के सहयोग से एक विशेष पायलट परियोजना शुरू करेगा।
इस कार्य योजना के अनुसार, वर्ष 2029 तक मंत्रालय-प्रांतीय सहयोगात्मक पायलट कार्यक्रम के जरिए कई स्वतंत्र और नवोन्मेषी 6जी प्रौद्योगिकी समाधान विकसित किए जाएंगे। साथ ही, नए और संभावनाशील व्यावसायिक अनुप्रयोग परिदृश्यों को बढ़ावा दिया जाएगा तथा विभिन्न प्रकार के नए टर्मिनल उत्पाद बाजार में लाए जाएंगे। इससे 6जी के व्यावसायीकरण को मजबूत समर्थन मिलने की उम्मीद है।
बताया गया है कि इस पायलट कार्यक्रम के तहत कृत्रिम बुद्धिमत्ता, उपग्रह इंटरनेट और वायरलेस सेंसिंग के साथ एकीकृत संचार प्रौद्योगिकियों तथा सिस्टम आर्किटेक्चर पर अनुसंधान को आगे बढ़ाया जाएगा। इसके अलावा, 6जी मानकों के निर्माण और औद्योगिक अनुसंधान एवं विकास में भी सहयोग को मजबूत किया जाएगा।
योजना के तहत 6जी के वाणिज्यिक उपयोग को समर्थन देने के लिए 6जी बेस स्टेशन, कोर नेटवर्क, डेटा वहन नेटवर्क तथा विशेष उपकरणों और मीटरों जैसे संचार उपकरण उद्योगों के अनुसंधान एवं विकास को भी मजबूत किया जाएगा। इसके साथ ही, नए टर्मिनल, चिप उपकरण, ऑपरेटिंग सिस्टम और वाणिज्यिक एयरोस्पेस जैसे 6जी से जुड़े उद्योगों के विकास को बढ़ावा दिया जाएगा तथा स्थानीय स्तर पर 6जी आधारित औद्योगिक क्लस्टर विकसित किए जाएंगे।
इसके अलावा, आभासी अनुभव वाला संचार, निम्न-ऊंचाई अर्थव्यवस्था, साकार कृत्रिम बुद्धिमत्ता और बुद्धिमान समुद्री प्रणाली जैसे संभावित 6जी अनुप्रयोग क्षेत्रों को ध्यान में रखते हुए स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार 6जी एप्लीकेशन परिदृश्यों का भी विकास किया जाएगा।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

