Friday, June 5, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति पटना: मंत्री दिलीप जायसवाल ने बताई पर्यावरण संरक्षण की जरूरत, राहुल गांधी...

पटना: मंत्री दिलीप जायसवाल ने बताई पर्यावरण संरक्षण की जरूरत, राहुल गांधी और ममता बनर्जी पर भी साधा निशाना

0
9

पटना, 5 जून (आईएएनएस)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर बिहार सरकार के मंत्री दिलीप कुमार जायसवाल ने पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता पर जोर देते हुए लोगों से पेड़ों को बचाने और पारिस्थितिकी तंत्र को संतुलित बनाए रखने की अपील की। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना की और कांग्रेस, राहुल गांधी तथा पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भी निशाना साधा।

दिलीप जायसवाल ने कहा कि दुनिया का पर्यावरणीय संतुलन तेजी से बदल रहा है और तापमान लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि यदि पेड़ों और पर्यावरण की रक्षा नहीं की गई तो आने वाले समय में लोगों के लिए जीवन बेहद कठिन हो जाएगा। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने की अपील की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया उनके नेतृत्व की क्षमता को स्वीकार करती है। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को कभी लगता था कि 140 करोड़ की आबादी वाला देश अपनी बुनियादी जरूरतें पूरी नहीं कर पाएगा, उन्हें आज भारत की उपलब्धियों ने जवाब दे दिया है।

कांग्रेस और राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए मंत्री ने कहा कि कांग्रेस की स्थिति लगातार कमजोर होती जा रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी को मानो कांग्रेस की नैया डुबाने के लिए भेजा गया है। उनके मुताबिक कांग्रेस की कार्यशैली उसके राजनीतिक भविष्य को नुकसान पहुंचा रही है।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर टिप्पणी करते हुए जायसवाल ने कहा कि राजनीतिक रूप से उनका प्रभाव कम होता जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी के कई विधायक असंतुष्ट हैं और उन्हें अपना पुराना अहंकार छोड़ देना चाहिए।