Friday, June 5, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल खराब रौशनी की स्थिति में लाल की जगह गुलाबी गेंद के प्रयोग...

खराब रौशनी की स्थिति में लाल की जगह गुलाबी गेंद के प्रयोग की मंजूरी आईसीसी का सकारात्मक कदम: गौतम गंभीर

0
9

नई दिल्ली, 5 जून (आईएएनएस)। आईपीएल का शोर थम चुका है और अब धीरे-धीरे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट अपनी रफ्तार पकड़ने लगा है। भारतीय क्रिकेट टीम भी अफगानिस्तान के खिलाफ शनिवार से शुरू हो रहे एकमात्र टेस्ट के लिए तैयार है। टेस्ट शुरू होने से पहले टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर ने आईसीसी के उस फैसले का समर्थन किया है जिसमें क्रिकेट की सर्वोच्च संस्था ने खराब रौशनी की स्थिति में लाल गेंद की जगह गुलाबी गेंद इस्तेमाल करने की इजाजत दी है।

गंभीर ने कहा, “मुझे यह पसंद है क्योंकि मेरा हमेशा से मानना ​​रहा है कि अगर कोई नतीजा पाने का मौका है, तो आपको वह मौका हमेशा मिलना चाहिए। सोचिए अगर आप वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल से पहले आखिरी टेस्ट मैच खेल रहे हैं और आपके पास क्वालीफाई करने के लिए वो टेस्ट मैच जीतने का मौका है, और खराब रोशनी की वजह से ऐसा नहीं हो रहा है। इसलिए मैं इसके लिए पूरी तरह तैयार हूं।”

उन्होंने कहा, “मुझे पता है कि यह खिलाड़ियों के लिए थोड़ा गलत और मुश्किल हो सकता है, लेकिन सोचिए दो साल तक कड़ी मेहनत करना और वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल से पहले आखिरी टेस्ट मैच, अगर आप खराब रोशनी की वजह से पांच दिन नहीं खेलते हैं, तो यह कितना गलत हो सकता है। इसलिए मुझे लगता है कि यह एक सकारात्मक कदम है। उम्मीद है कि टीमें इसे सकारात्मक तरीके से लेना शुरू कर देंगी।”

सोमवार को बोर्ड मीटिंग के दौरान, आईसीसी ने खराब रोशनी से प्रभावित होने वाले टेस्ट मैच के शुरू होने से पहले लाल गेंद की जगह गुलाबी गेंद इस्तेमाल करने के ट्रायल को मंजूरी दे दी है। यह दोनों टीमों के बीच पहले से हुई सहमति पर निर्भर करेगा, ताकि खराब रोशनी की उम्मीद में खेल को ज्यादा से ज्यादा किया जा सके। अब तक, पिंक बॉल का इस्तेमाल सिर्फ डे-नाइट टेस्ट मैचों में किया जाता रहा है, जो ज्यादातर ऑस्ट्रेलिया में खेले जाते हैं।