Friday, June 5, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय सूरत में पीएम मोदी को सुनने के लिए हजारों लोग साइकिल चलाकर...

सूरत में पीएम मोदी को सुनने के लिए हजारों लोग साइकिल चलाकर पहुंचे : हर्ष संघवी

0
5

सूरत, 5 जून (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सुनने लिए गुजरात के डिप्टी सीएम हर्ष संघवी समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता सूरत के इंदौर स्टेडियम पहुंचे। उन्होंने इस पहल को प्रधानमंत्री मोदी की ईंधन बचाने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से की गई अपील का परिणाम बताया और कहा कि देशभर में लोग इसको गंभीरता से अपना रहे हैं।

हर्ष संघवी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से पेट्रोल और डीजल की बचत करने की अपील की है। उन्होंने लोगों से सार्वजनिक परिवहन का अधिक से अधिक उपयोग करने, छोटी दूरी के लिए साइकिल चलाने और पैदल चलने की आदत अपनाने का आग्रह किया है। जब प्रधानमंत्री मोदी कोई अपील करते हैं तो देश के लोग उसे केवल सुनते ही नहीं, बल्कि उसे अपने जीवन में उतारने का भी प्रयास करते हैं।

उन्होंने कहा कि सूरत शहर के नागरिकों ने भी प्रधानमंत्री की इस अपील को दिल से स्वीकार किया है। इसी का परिणाम है कि हजारों लोग साढ़े पांच किलोमीटर की साइकिल यात्रा कर कार्यक्रम स्थल तक पहुंचे। लोगों का उद्देश्य सिर्फ कार्यक्रम में शामिल होना नहीं था, बल्कि ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी देना था।

संघवी ने बताया कि उनके साथ कई विधायक, सांसद और अन्य जनप्रतिनिधि भी साइकिल यात्रा के माध्यम से कार्यक्रम स्थल पहुंचे। केंद्रीय मंत्री सी.आर. पाटिल भी पैदल चलकर कार्यक्रम में शामिल हुए। उनके मुताबिक यह अपने आप में एक ऐतिहासिक दृश्य था, क्योंकि कार्यक्रम में आने वाले अधिकांश लोगों ने निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन, साइकिल या पैदल यात्रा का विकल्प चुना।

उन्होंने कहा कि देश की राजनीति के इतिहास में शायद ही कभी ऐसा माहौल देखने को मिला हो, जब प्रधानमंत्री की एक अपील पर इतने बड़े स्तर पर लोग एकजुट होकर उसे अमल में लाने के लिए आगे आए हों। लोगों में इस अभियान को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।

उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में लोगों की भागीदारी केवल यात्रा तक सीमित नहीं रही। कई परिवारों ने अपने घरों में बैठकर प्रधानमंत्री मोदी के लिए संदेश लिखे और प्लेकार्ड तैयार किए। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। संघवी के अनुसार 15 हजार से अधिक प्लेकार्ड कार्यक्रम स्थल तक पहुंचे।

संघवी ने बताया कि कई ऐसे लोग भी इस अभियान से जुड़े, जिन्होंने वर्षों से साइकिल नहीं चलाई थी। इसके बावजूद वे तेज धूप में साइकिल लेकर निकले। यह प्रधानमंत्री मोदी के प्रति लोगों के विश्वास और प्रेम का ही परिणाम है कि लोग फिर से साइकिल संस्कृति की ओर लौटने के लिए प्रेरित हो रहे हैं।

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की चर्चा करते हुए हर्ष संघवी ने कहा कि वह देश के सबसे लोकप्रिय नेताओं में से एक हैं। प्रधानमंत्री के तौर पर सबसे लंबे समय तक सेवा देने का रिकॉर्ड अपने आप में महत्वपूर्ण है, लेकिन उससे भी बड़ी बात यह है कि लोगों के दिलों में जगह बनाना और लगातार जनता के लिए काम करना। आज भी देश के कोने-कोने में लोगों के बीच पीएम मोदी के प्रति वही उत्साह और विश्वास दिखाई देता है। मैं एक उपमुख्यमंत्री के तौर पर ही नहीं, बल्कि एक सामान्य भारतीय नागरिक के रूप में भी प्रधानमंत्री मोदी का आभार व्यक्त करता हूं।