Saturday, June 6, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति दिल्ली पुलिस को बड़ी सफलता, झपटमारी और वाहन चोरी की घटनाओं में...

दिल्ली पुलिस को बड़ी सफलता, झपटमारी और वाहन चोरी की घटनाओं में शामिल दो भाई गिरफ्तार

0
5

नई दिल्ली, 6 जून (आईएएनएस)। दिल्ली के उत्तर-पश्चिम जिले की शालीमार बाग पुलिस ने झपटमारी और वाहन चोरी की घटनाओं में शामिल दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से झपटमारी की वारदात में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल और दो चोरी की स्कूटी बरामद की हैं। इस कार्रवाई से झपटमारी के एक मामले सहित कुल तीन आपराधिक मामलों का खुलासा हुआ है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 27 वर्षीय दिलीप और 25 वर्षीय कार्तिक के रूप में हुई है। दोनों हैदरपुर इलाके के रहने वाले हैं और सगे भाई हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों ने जल्दी और आसानी से पैसा कमाने के लालच में अपराध की राह चुनी। आरोपियों में दिलीप का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है, जो पहले आर्म्स एक्ट के एक मामले में शामिल रह चुका है, जबकि कार्तिक का यह पहला आपराधिक मामला बताया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, 4 जून को 22 वर्षीय तमन्ना ने शालीमार बाग थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 2 जून की शाम वह जेल रोड से रोहिणी कोर्ट की ओर ई-रिक्शा में जा रही थीं। इसी दौरान कैस्पिया होटल के पास इनर रिंग रोड स्थित पेट्रोल पंप के नजदीक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों ने उनका मोबाइल फोन झपट लिया और मधुबन चौक की ओर फरार हो गए।

शिकायत के आधार पर शालीमार बाग थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआई वेद प्रकाश, हेड कांस्टेबल कुलदीप, साधुराम और कांस्टेबल सुभाष की विशेष टीम गठित की गई। यह टीम थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रामपाल और एसीपी मुकेश वालिया की निगरानी में काम कर रही थी।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण किया और स्थानीय मुखबिरों को सक्रिय किया। तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर कई स्थानों पर छापेमारी की गई, जिसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने झपटमारी की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की, जो आरोपी दिलीप के नाम पर पंजीकृत पाई गई। इसके अलावा दो चोरी की स्कूटी भी बरामद की गईं, जिनके संबंध में केशव पुरम और रानी बाग थानों में वाहन चोरी के मामले दर्ज थे।

पुलिस अब झपटा हुआ मोबाइल फोन बरामद करने और आरोपियों की अन्य आपराधिक मामलों में संभावित संलिप्तता की जांच कर रही है। मामले की आगे की जांच जारी है।