Saturday, June 6, 2026
SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय चीन ने एक ही दिन में दो विशाल क्रूड ऑयल टैंकर सौंपकर...

चीन ने एक ही दिन में दो विशाल क्रूड ऑयल टैंकर सौंपकर बनाया नया रिकॉर्ड

0
11

बीजिंग, 6 जून (आईएएनएस)। चीन द्वारा स्वतंत्र रूप से डिजाइन और निर्मित 3 लाख 6 हजार डेडवेट टन क्षमता वाले दो अल्ट्रा-लार्ज क्रूड ऑयल टैंकर शुक्रवार को पूर्वोत्तर चीन के ल्याओनिंग प्रांत के ताल्येन शहर में नामकरण और डिलीवरी के बाद आधिकारिक रूप से सेवा के लिए तैयार हो गए। एक ही दिन में दो विशाल टैंकरों की डिलीवरी ने वैश्विक जहाज निर्माण उद्योग में नया रिकॉर्ड स्थापित किया है।

इन दोनों अल्ट्रा-लार्ज क्रूड ऑयल टैंकरों के नाम क्रमशः ‘एवरोस’ और ‘एकेलोस’ रखे गए हैं। दोनों जहाज एक ही श्रेणी के हैं और इन्हें ताल्येन स्थित हंगली हेवी इंडस्ट्री ने स्वतंत्र रूप से डिजाइन और विकसित किया है। इन जहाजों की लंबाई 332.8 मीटर, चौड़ाई 60 मीटर और ऊंचाई 30 मीटर है, जबकि इनकी अधिकतम गति 14.5 नॉट है। प्रदर्शन और पर्यावरण संरक्षण क्षमताओं के मामले में इन जहाजों को उद्योग में अत्याधुनिक माना जा रहा है।

हंगली शिपबिल्डिंग के उप महाप्रबंधक वांग लेई ने बताया कि इन जहाजों की प्रमुख विशेषताओं में उच्च गति, कम ईंधन खपत, अधिक कार्गो क्षमता और भारी भार वहन क्षमता शामिल हैं। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी के इन जहाजों में अत्याधुनिक डिसल्फराइजेशन (सल्फर हटाने की प्रक्रिया) और डिनाइट्रिफिकेशन (नाइट्रोजन गैस में बदलने की जैविक प्रक्रिया) तकनीकों के साथ नवीनतम ऊर्जा-बचत और पर्यावरण अनुकूल उपकरण लगाए गए हैं। ये जहाज अंतर्राष्ट्रीय हरित पर्यावरण मानकों को पूरी तरह पूरा करते हैं।

जानकारी के अनुसार, जहाज निर्माण के दौरान बड़े खंडों, विशाल ब्लॉकों और बड़े पैमाने की असेंबली तकनीकों का कुशल उपयोग किया गया, जिससे दोनों जहाजों की डिलीवरी एक ही दिन में संभव हो सकी। प्रत्येक जहाज निर्धारित समय सीमा से कम से कम तीन महीने पहले तैयार कर लिया गया।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)