कोलकाता, 7 जून (आईएएनएस)। विश्व साइकिल दिवस के मौके पर पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री निशिथ प्रमाणिक ने साइकिल रैली के आयोजन को हरी झंडी दिखाई। इस दौरान उन्होंने टीएमसी पर निशाना साधा।
आईएएनएस से बातचीत करते हुए निशिथ प्रमाणिक ने कहा कि जब हम लोग सत्ता में आए तो घोषणा की गई कि खेल के क्षेत्र में परिवारवाद नहीं चलेगा, जिसके बाद परिवारवाद वाले खुद से ही इस्तीफा देकर हट गए। बाकी बचे जो भी लोग हैं, उनसे भी मेरा आह्वान है कि सम्मान के साथ उनको विदाई लेनी चाहिए। अब खेल के क्षेत्र में भी परिवर्तन आया है। हम लोग उसमें भी परिवर्तन करके रहेंगे।
निशिथ प्रमाणिक ने टीएमसी पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले 15 वर्षों में पश्चिम बंगाल के खेल जगत पर अंधेरा छाया हुआ था। सरकार बदलने के साथ ही वह अंधेरा भी छंट गया और एक नए सूरज का उदय हुआ। पश्चिम बंगाल के खेल मंत्रालय ने मिलकर पूरे बंगाल में खेलों का माहौल बनाया। और विश्व साइकिल दिवस पर इसकी शुरुआत की गई है। चाहे कोलकाता शहर हो, जिला स्तर हो या ब्लॉक स्तर, हर जगह आज लाखों युवाओं ने साइक्लोथॉन में हिस्सा लिया।
पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री अशोक डिंडा ने कहा कि प्रधानमंत्री और हमारे खेल मंत्री मनसुख मंडाविया की अध्यक्षता में आज इतना बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया है। और ‘फिट इंडिया’ और ‘विश्व साइकिल दिवस’ के मौके पर न केवल पश्चिम बंगाल में, बल्कि पूरे भारत और पूरी दुनिया में आज यह दिन मनाया जा रहा है। हर जगह लोग साइकिल चला रहे हैं। इंडिया फिट रहेगा तो भागेगा।
ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन के अध्यक्ष कल्याण चौबे ने कहा कि जैसा कि आप जानते हैं, प्रधानमंत्री खेलों और खिलाड़ियों को बढ़ावा देते हैं। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि पश्चिम बंगाल हमेशा से केंद्र सरकार का विरोध करता रहा है और उन्होंने केंद्र सरकार की किसी भी योजना को यहां लागू नहीं होने दिया। इसी वजह से, पिछले 15 सालों में बंगाल के खेलों को काफी नुकसान हुआ है। हजारों की संख्या में साइकिल चलाने के लिए खिलाड़ी आए हैं।

