Tuesday, July 28, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति मलयालम अभिनेता सलीम कुमार को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई, केरल...

मलयालम अभिनेता सलीम कुमार को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई, केरल सरकार उठाएगी पूरा खर्च

0
22

तिरुवनंतपुरम, 7 जून (आईएएनएस)। मलयालम सिनेमा के दिग्गज अभिनेता सलीम कुमार के निधन पर केरल सरकार ने गहरा शोक व्यक्त किया है। राज्य सरकार ने उनके अंतिम संस्कार को राजकीय सम्मान के साथ संपन्न कराने का निर्णय लिया है। साथ ही अंतिम संस्कार और उससे संबंधित सभी व्यवस्थाओं का खर्च राज्य सरकार वहन करेगी।

सामान्य प्रशासन (प्रोटोकॉल) विभाग द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि सरकार को प्रसिद्ध अभिनेता सलीम कुमार के निधन का समाचार सुनकर अत्यंत दुख हुआ है। सलीम कुमार ने अपने लंबे फिल्मी करियर में अभिनय के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया और कई प्रतिष्ठित पुरस्कार हासिल किए। उन्हें वर्ष 2010 में ‘अदामिन्ते मकान अबू’ में शानदार अभिनय के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का सम्मान मिला था। इसके अलावा वर्ष 2005 की फिल्म ‘अचनुरंगथा वीडु’ के लिए उन्हें केरल राज्य फिल्म पुरस्कार में द्वितीय सर्वश्रेष्ठ अभिनेता चुना गया था।

सरकारी आदेश के अनुसार, दिवंगत अभिनेता के पार्थिव शरीर को रविवार सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक लोगों के अंतिम दर्शन के लिए पारावुर टाउन हॉल में रखा जाएगा। इस दौरान प्रशंसक, फिल्म जगत से जुड़े लोग और आम नागरिक उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर सकेंगे।

इसके बाद दोपहर 3 बजे एर्नाकुलम जिले के नॉर्थ पारावुर स्थित उनके आवास पर अंतिम संस्कार किया जाएगा। सरकार ने जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। आदेश में एर्नाकुलम के जिला कलेक्टर को राज्य सरकार की ओर से पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित करने की व्यवस्था करने को कहा गया है।

साथ ही एर्नाकुलम (ग्रामीण) के जिला पुलिस प्रमुख को अंतिम संस्कार के दौरान पुलिस सम्मान प्रदान करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत बिगुल सलामी के साथ दिवंगत अभिनेता को अंतिम विदाई दी जाएगी। यह सम्मान उनके कला और सिनेमा जगत में योगदान के प्रति राज्य सरकार की श्रद्धांजलि के रूप में देखा जा रहा है।

सलीम कुमार मलयालम फिल्म उद्योग के उन चुनिंदा कलाकारों में शामिल रहे, जिन्होंने हास्य भूमिकाओं से लेकर गंभीर और संवेदनशील किरदारों तक अपनी अदाकारी का लोहा मनवाया। उनके निधन से न केवल केरल बल्कि पूरे भारतीय सिनेमा जगत में शोक की लहर है।