Monday, June 8, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल टेस्ट करियर की पहली ही गेंद से सुथार पूरी तरह नियंत्रण में...

टेस्ट करियर की पहली ही गेंद से सुथार पूरी तरह नियंत्रण में दिखे: ग्रीम स्वान

0
10

न्यू चंडीगढ़, 7 जून (आईएएनएस)। इंग्लैंड के पूर्व स्पिनर ग्रीम स्वान ने डेब्यूटेंट मानव सुथार को सराहा है। 23 वर्षीय बाएं हाथ के भारतीय स्पिनर ने रविवार को महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में अफगानिस्तान के विरुद्ध टेस्ट मैच में 3 विकेट लेकर भारत की पकड़ मजबूत करने में मदद की।

मुकाबले के दूसरे दिन सुथार ने 15.5 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें 21 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। इस दौरान 7 मेडन ओवर भी फेंके। भारत ने अपनी पहली पारी 564/8 पर घोषित की, जिसके बाद दूसरे दिन की समाप्ति तक अफगानिस्तान ने महज 113 के स्कोर तक अपने 5 विकेट गंवा दिए। मेहमान टीम अभी भी 451 रन पीछे है और फॉलो-ऑन से बचने के लिए उन्हें कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ रहा है।

स्वान के अनुसार, सबसे खास बात सुथार का अपने स्पेल की शुरुआत से ही शांत रहना और हालात के हिसाब से समझदारी से बदलाव करने की क्षमता थी। स्वान ने ‘जियो हॉटस्टार’ से कहा, “मानव सुथार का प्रदर्शन शानदार था, क्योंकि अपने टेस्ट करियर की पहली ही गेंद से वे पूरी तरह नियंत्रण में नजर आए। किसी भी नए स्पिनर के लिए घबराहट होना स्वाभाविक है, लेकिन उन्होंने तुरंत सही जगह पर गेंद डाली, गेंद को बेहतरीन तरीके से घुमाया और उसमें ‘डिप’ और ‘टर्न’ दोनों हासिल किए।”

इंग्लैंड के पूर्व ऑफ-स्पिनर ने कहा कि सुथार की समझ और रणनीति में लचीलापन उनकी सफलता के मुख्य कारण थे। उन्होंने कहा, “मुझे सबसे ज्यादा प्रभावित उनकी स्पेल के दौरान हालात के हिसाब से ढलने की क्षमता ने किया। शुरुआत में, वे ऑफ-स्टंप लाइन के आसपास अटैक कर रहे थे, लेकिन उन्होंने जल्दी ही समझ लिया कि कितना टर्न मिल रहा है और अपनी लाइन को सीधा कर लिया, जिससे बल्लेबाजों को ज्यादा शॉट खेलने पर मजबूर होना पड़ा। पूरे स्पेल के दौरान लेंथ पर उनका नियंत्रण बेहतरीन था, उस रणनीतिक बदलाव ने विकेट लेने के मौके बनाने में अहम भूमिका निभाई।”

स्वान का मानना ​​है कि सिर्फ विकेटों से सुथार के प्रदर्शन की असल गुणवत्ता का पता नहीं चलता। उन्होंने कहा, “विकेट लेने के अलावा, उनकी समझदारी, संयम और निरंतरता ने सबका ध्यान खींचा। अपने डेब्यू मैच में स्पिन बॉलिंग का यह एक शानदार प्रदर्शन था।”