Monday, June 8, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति जम्मू-कश्मीर : डोडा में 12 सालों में अभूतपूर्व विकास; केंद्रीय मंत्री जितेंद्र...

जम्मू-कश्मीर : डोडा में 12 सालों में अभूतपूर्व विकास; केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने बताई ‘परिवर्तन की कहानी’

0
8

जम्मू, 8 जून (आईएएनएस)। केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जितेंद्र सिंह ने सोमवार को जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में पिछले 12 वर्षों में हुए व्यापक विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को जमीनी हकीकत बताते हुए कहा कि डोडा अब एक जुड़े हुए, सशक्त और समृद्ध जिले के रूप में उभर रहा है।

जितेंद्र सिंह ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल पर लिखा कि सड़क नेटवर्क, शैलानी टनल और नए हाईवे प्रोजेक्ट्स ने पूरे इलाके की कनेक्टिविटी को बेहतर बना दिया है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत दूर-दराज के गांवों को सड़कों से जोड़ा गया है, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा और बाजारों तक पहुंच आसान हो गई है।

मंत्री ने ‘पर्पल रेवोल्यूशन’ को डोडा की सबसे बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि लैवेंडर की खेती ने जिले को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है। इस क्रांति ने स्थानीय किसानों को सशक्त बनाया है और उनके लिए आर्थिक विकास के नए रास्ते खोले हैं। लैवेंडर उत्पादन से न सिर्फ किसानों की आय बढ़ी है, बल्कि जिले की अर्थव्यवस्था को भी नई दिशा मिली है।

शिक्षा क्षेत्र में भी उल्लेखनीय प्रगति हुई है। दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों में मेडिकल कॉलेज, डिग्री कॉलेज और केंद्रीय विद्यालय खोले गए हैं, जिससे स्थानीय युवाओं को बेहतर शिक्षा मुहैया हो रही है। इन सुविधाओं से पहले जहां युवा उच्च शिक्षा के लिए बाहर जाते थे, अब वे अपने जिले में ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।

जितेंद्र सिंह ने इन सभी पहलों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित और आत्मनिर्भर जम्मू-कश्मीर के विजन का शानदार उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और कृषि क्षेत्र में किए गए कार्यों ने डोडा को बदल दिया है। डोडा जिले में विकास कार्यों की रफ्तार तेज होने से स्थानीय लोगों में भी नई उम्मीद जगी है।

पर्यटन, कृषि और शिक्षा क्षेत्र में हो रहे निवेश से रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं। केंद्रीय मंत्री ने आश्वासन दिया कि केंद्र सरकार जम्मू-कश्मीर के हर जिले के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। डोडा में हो रहे कार्य अन्य जिलों के लिए भी प्रेरणा साबित हो रहे हैं।