ग्रेटर नोएडा, 8 जून (आईएएनएस)। गौतमबुद्ध नगर जिले के रबूपुरा कस्बे में संदिग्ध फूड प्वाइजनिंग का एक दर्दनाक मामला सामने आया है। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान दो मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि उनकी मां की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका आईसीयू में उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार रबूपुरा कस्बे में रहने वाली करीब 35 वर्षीय महिला ने रविवार शाम अपने दो बच्चों के साथ भोजन किया था। परिजनों के मुताबिक रात तक सभी सामान्य थे, लेकिन सोमवार सुबह अचानक महिला और दोनों बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी। उन्हें उल्टी, बेचैनी और अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं होने लगीं। हालत गंभीर होने पर परिजन तत्काल तीनों को अस्पताल लेकर पहुंचे।
अस्पताल में इलाज के दौरान सबसे पहले 8 वर्षीय बच्ची दीपांशी को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद महिला और उसके 5 वर्षीय बेटे का उपचार जारी रहा, लेकिन कुछ समय बाद बच्चे ने भी दम तोड़ दिया। महिला की हालत फिलहाल नाजुक बनी हुई है और उन्हें अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कर गहन चिकित्सा दी जा रही है।
प्रारंभिक जांच में फूड प्वाइजनिंग की आशंका जताई जा रही है। परिजनों के अनुसार परिवार ने घटना से पहले पपीता, नारियल पानी, जूस और पास्ता का सेवन किया था। आशंका है कि इनमें से किसी खाद्य पदार्थ के सेवन के बाद उनकी तबीयत बिगड़ी। हालांकि चिकित्सकों का कहना है कि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत मेडिकल जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमें सक्रिय हो गईं। रबूपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार परिजनों ने किसी साजिश या संदिग्ध गतिविधि की आशंका से इनकार किया है। फिलहाल सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं।
स्वास्थ्य विभाग और पुलिस संयुक्त रूप से यह पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि आखिर ऐसा कौन-सा खाद्य पदार्थ था, जिसके सेवन से परिवार के तीन सदस्य गंभीर रूप से प्रभावित हुए। दो बच्चों की मौत से परिवार में शोक का माहौल है, जबकि पूरे क्षेत्र में घटना को लेकर चिंता और चर्चा का माहौल बना हुआ है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मामले की पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी।
— आईएएनएस
पीकेटी/ एसएके

