Wednesday, June 10, 2026
SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर का दो द‍िवसीय व‍िदेश दौरा, बुल्गारिया और फिनलैंड...

विदेश मंत्री एस. जयशंकर का दो द‍िवसीय व‍िदेश दौरा, बुल्गारिया और फिनलैंड में करेंगे अहम बैठकें

0
4

नई दिल्ली, 9 जून (आईएएनएस)। विदेश मंत्री एस. जयशंकर 10 से 11 जून तक बुल्गारिया और फिनलैंड के दौरे पर रहेंगे।

जानकारी विदेश मंत्रालय के अनुसार, विदेश मंत्री बुधवार को बुल्गारिया जाएंगे। राजधानी सोफिया में अपने दौरे के दौरान वे बुल्गारिया के शीर्ष नेताओं से मुलाकात करेंगे और अपने समकक्ष मंत्री के साथ विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करेंगे।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, इसके बाद एस. जयशंकर 11 जून को फिनलैंड जाएंगे, जहां वे 14वें ‘कुल्तरांता टॉक्स’ कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इस बार कार्यक्रम का विषय है ‘बदलती दुनिया: वैश्विक, क्षेत्रीय और स्थानीय दृष्टिकोण’।

फिनलैंड में भी विदेश मंत्री अपने समकक्ष और वहां के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात करेंगे।

अप्रैल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुल्गारिया के राष्ट्रपति रूमेन रादेव और उनकी पार्टी प्रोग्रेसिव बुल्गारिया को संसदीय चुनावों में शानदार जीत की बधाई दी थी। साथ ही उन्होंने दोनों देशों के रिश्तों को और मजबूत बनाने की इच्छा भी जताई थी।

प्रधानमंत्री मोदी ने ‘एक्स’ पर लिखा था, “रूमेन रादेव और उनकी पार्टी प्रोग्रेसिव बुल्गारिया को हाल ही में हुए संसदीय चुनावों में जीत की हार्दिक बधाई। मैं उनके साथ मिलकर भारत और बुल्गारिया के बीच दोस्ताना और बहुआयामी संबंधों को और मजबूत बनाने तथा क्षेत्रीय सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए काम करने का इच्छुक हूं।”

प्रधानमंत्री मोदी का यह संदेश उस समय आया था जब पूर्व राष्ट्रपति रूमेन रादेव के नेतृत्व वाले प्रोग्रेसिव बुल्गारिया गठबंधन ने संसदीय चुनावों में बड़ी जीत हासिल की थी।

भारत और बुल्गारिया के संबंध लंबे समय से अच्छे, गर्मजोशी भरे और मित्रतापूर्ण रहे हैं। दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क और सांस्कृतिक रिश्ते 1954 में औपचारिक राजनयिक संबंध स्थापित होने से भी पहले के हैं।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, पिछले 60 वर्षों में दोनों देशों में कई राजनीतिक बदलाव हुए हैं, लेकिन इसके बावजूद भारत और बुल्गारिया के बीच करीबी, सौहार्दपूर्ण और बहुआयामी संबंध लगातार मजबूत होते गए हैं।

दोनों देशों के बीच यह व्यापक रिश्ता आपसी समझ, निरंतर सहयोग और मित्रता की मजबूत नींव पर विकसित हुआ है और समय के साथ यह दोस्ती और भी गहरी होती गई है।