Wednesday, June 10, 2026
SGSU Advertisement
Home मनोरंजन टाइम मशीन की तरह है ‘मेड इन इंडिया – अ टाइटन स्टोरी’,...

टाइम मशीन की तरह है ‘मेड इन इंडिया – अ टाइटन स्टोरी’, पुराने दौर में ले जाता है : जिम सर्भ

0
7

मुंबई, 10 जून (आईएएनएस)। अभिनेता जिम सर्भ इन दिनों अपनी हाल ही में रिलीज हुई ओटीटी सीरीज ‘मेड इन इंडिया: अ टाइटन स्टोरी’ को लेकर चर्चा में हैं। दर्शकों से मिल रही शानदार प्रतिक्रिया के बीच जिम सर्भ ने कहा कि यह सीरीज एक टाइम मशीन की तरह है, जो दर्शकों को सीधे बीते दौर में पहुंचा देता है।

सीरीज में जिम सर्भ ने टाइटन के संस्थापक और दूरदर्शी उद्योगपति जेरक्सेस देसाई की भूमिका निभाई है। मुंबई में शो के प्रमोशन के दौरान आईएएनएस से बातचीत में उन्होंने कहा कि इस सीरीज का माहौल और प्रस्तुति दर्शकों में पुरानी यादों को ताजा कर देती है। शो में इस्तेमाल किए गए सीन, संगीत और कहानी कहने का अंदाज लोगों को उस समय की दुनिया में ले जाने में सफल रहा।

अपने को-एक्टर वैभव तत्ववादी के साथ काम करने के अनुभव को साझा करते हुए जिम सर्भ ने कहा कि दोनों कलाकारों की अभिनय शैली एक-दूसरे से काफी अलग है। उन्होंने बताया कि सीरीज में भी उनके किरदारों के बीच दोस्ती दिखाई गई है और वास्तविक जीवन में भी दोनों के बीच अच्छा तालमेल रहा। जिम के मुताबिक, अभिनय के दौरान कई बार ऐसा महसूस हुआ कि कला जीवन की नकल कर रही है और जीवन कला की, जिससे दोनों कलाकारों के प्रदर्शन को और मजबूती मिली।

उन्होंने शो के निर्देशक और तकनीकी टीम की भी सराहना की। जिम ने कहा कि निर्देशक आदित्य ने सीरीज को बेहद खूबसूरती से फिल्माया है और इसकी एडिटिंग भी शानदार है। उन्होंने विशेष रूप से पुराने हिंदी गीतों के इस्तेमाल की तारीफ की और कहा कि इससे शो में अलग तरह का भावनात्मक और पुरानी यादों वाला माहौल तैयार होता है। यही वजह है कि दर्शक खुद को तुरंत उस दौर से जुड़ा हुआ महसूस करते हैं।

‘मेड इन इंडिया: अ टाइटन स्टोरी’ में जिम सर्भ के साथ नसीरुद्दीन शाह, लक्षवीर सरन और कावेरी सेठ भी अहम भूमिकाओं में हैं। यह सीरीज भारत के प्रतिष्ठित टाइटन ब्रांड की स्थापना और उसके पीछे की सोच को पर्दे पर पेश करती है।

शो में जे.आर.डी. टाटा और जेरक्सेस देसाई के उस विजन को दिखाया गया है, जिसने टाइटन को एक वैश्विक पहचान दिलाई। साथ ही यह सीरीज ‘मेक इन इंडिया’ की भावना को भी दिखाती है, जिसका उद्देश्य भारत को डिजाइन और विनिर्माण के क्षेत्र में वैश्विक केंद्र के रूप में स्थापित करना है।

‘मेड इन इंडिया: ए टाइटन स्टोरी’ फिलहाल अमेजन एमएक्स प्लेयर पर उपलब्ध है।