Thursday, June 11, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल आकाश चोपड़ा ने बताया, क्यों भारतीय टी20 टीम में भुवनेश्वर कुमार की...

आकाश चोपड़ा ने बताया, क्यों भारतीय टी20 टीम में भुवनेश्वर कुमार की वापसी मुश्किल

0
5

नई दिल्ली, 11 जून (आईएएनएस)। भारतीय टीम के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार का प्रदर्शन आईपीएल 2026 में शानदार रहा। भुवनेश्वर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को लगातार दूसरी बार खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई। इसके बाद से भुवनेश्वर को भारतीय टी20 टीम में शामिल करने की मांग उठ रही है। हालांकि, भारत के पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा का मानना है कि भुवनेश्वर की टीम इंडिया में वापसी होने के चांस लगभग न के बराबर हैं।

आकाश चोपड़ा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर शेयर किए गए एक वीडियो में बताया कि भुवनेश्वर का आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए न चुने जाना इस बात का सबूत है कि सिलेक्टर्स भविष्य की ओर देख रहे हैं। आकाश ने कहा कि सिलेक्टर्स पीछे की तरफ नहीं जाना चाहते हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि सिलेक्टर्स भविष्य को ध्यान में रखते हुए ही मोहम्मद शमी और सूर्यकुमार यादव को टीम में जगह नहीं दे रहे हैं। ऐसे में भुवनेश्वर की भारतीय टी20 टीम में वापसी संभव नजर नहीं आती है।

आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए चुनी गई भारतीय टी20 टीम में तेज गेंदबाजी की कमान मोहम्मद सिराज के हाथों में सौंपी गई थी। हालांकि, सिराज को अब आराम दे दिया गया और उनके स्थान पर प्रसिद्ध कृष्णा को टीम में जगह दी गई है। इसके अलावा, तेज गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा और युवा तेज गेंदबाज प्रिंस यादव को रखा गया है। वहीं, एशियन गेम्स 2026 के लिए चुनी गई टीम में जसप्रीत बुमराह को जगह दी गई है। बुमराह का साथ देने के लिए अर्शदीप सिंह और हर्षित को टी20 टीम में शामिल किया गया है।

भुवनेश्वर का प्रदर्शन आईपीएल 2025 और 2026 में लाजवाब रहा। भुवनेश्वर इस सीजन में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में दूसरे नंबर पर रहे। उन्होंने 16 मुकाबलों में कुल 28 विकेट अपने नाम किए। फाइनल मुकाबले में गुजरात टाइटंस के खिलाफ भी उनका प्रदर्शन दमदार रहा। वहीं, पिछले सीजन भुवनेश्वर ने 17 विकेट अपने नाम किए थे। फाइनल मैच में भी भुवनेश्वर ने 4 ओवर के स्पेल में सिर्फ 29 रन देकर 2 अहम विकेट चटकाए थे।