Thursday, June 11, 2026
SGSU Advertisement
Home Student & Youth छिंदवाड़ा की बेटी आसमान में भरेगी उड़ान, इंडियन एयरफोर्स में फ्लाइंग ऑफिसर...

छिंदवाड़ा की बेटी आसमान में भरेगी उड़ान, इंडियन एयरफोर्स में फ्लाइंग ऑफिसर बनीं प्रिया मालवीय

0
1

छिंदवाड़ा, 11 जून (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले की रहने वाली प्रिया मालवीय का भारतीय वायुसेना में फ्लाइंग ऑफिसर के पद पर चयन हुआ है। अब प्रिया आसमान में उड़ान भरेंगी। उन्होंने अपनी इस सफलता से परिवार और क्षेत्रवासियों का मान बढ़ाया है।

पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रिया ने कहा कि एएफसीएटी (एयरफोर्स कॉमन एडमिशन टेस्ट) में क्वालीफाई करने के बाद एसएसबी इंटरव्यू होता है। इसके बाद मेडिकल किया जाता है, फिर फाइनल लिस्ट बनाई जाती है। उन्होंने बताया कि एक कोर्स में तकरीबन 300-350 बच्चों को शामिल किया जाता है।

अपनी तैयारियों के बारे में बातचीत करते हुए प्रिया ने कहा कि परीक्षा की तैयारी के लिए मैंने ऑनलाइन कोचिंग की थी। उन्होंने बताया कि मेरे लिए काफी अच्छा अनुभव है। मेरा मानना है कि मैं ही नहीं सभी बेटियां आगे बढ़ें। बेटियां अपना करियर खुद चुनें।

प्रिया मालवीय के पिता रवि मालवीय ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि मेरी बेटी की इस सफलता पर अंदर से बहुत आनंद की अनुभूति हो रही है। बेटी ने मेरा जीवन सार्थक कर दिया है। जिले में पहली बेटी हैं, जिन्होंने इस पद को हासिल किया है।

रवि मालवीय ने कहा कि कभी ऐसा अवसर ही नहीं आया कि बेटी को डांटना पड़ा हो। उन्होंने बताया कि मेरी बेटी पढ़ाई के प्रति काफी जागरूक है। उसने अपनी लगन से इस सफलता को हासिल किया है।

छिंदवाड़ा के कोतवाली में एएसआई रवि मालवीय की बेटी प्रिया मालवीय ने वर्ष 2025 में हुए एएफसीएटी एयरफोर्स कॉमन एडमिशन टेस्ट में ऑल इंडिया 113वीं रैंक प्राप्त की है। प्रिया जिले की पहली फ्लाइंग ऑफिसर बनी हैं। गुजरात टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी से उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन में बीई की डिग्री प्राप्त की।

पिता को पुलिस की नौकरी करते देखते हुए बड़ी हुईं बेटी प्रिया भी देश सेवा करना चाहती थीं। सपनों को पूरा करने के लिए शुरुआत में उन्होंने गुजरात से इंजीनियरिंग की पढ़ाई की और बाद में फिर एएफसीएटी एयरफोर्स कॉमन एडमिशन टेस्ट दिया। जिसे क्वलिफाई कर अब फ्लाइंग ऑफिसर के पद पर चयनित हुई हैं। अब प्रिया ट्रेनिंग के लिए हैदराबाद जाएंगी।