Thursday, June 11, 2026
SGSU Advertisement
Home मनोरंजन सलमान खान की फिल्म के लिए नहीं बना था ‘तड़प तड़प के’...

सलमान खान की फिल्म के लिए नहीं बना था ‘तड़प तड़प के’ गाना, इस्माइल दरबार ने सुनाया केके से जुड़ा किस्सा

0
7

मुंबई, 11 जून (आईएएनएस)। हिंदी सिनेमा के सबसे दर्दभरे गीतों में से एक ‘तड़प तड़प के’ को लेकर म्यूजिक कंपोजर इस्माइल दरबार ने खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि यह गाना संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘हम दिल दे चुके सनम’ के लिए नहीं बनाया गया था।

इस्माइल दरबार ने बताया कि यह सुपरहिट गीत शुरू में किसी दूसरे बड़े प्रोजेक्ट के लिए एक अस्थायी (स्क्रैच) ट्रैक के रूप में रिकॉर्ड किया जा रहा था, लेकिन बाद में यह संजय लीला भंसाली की ब्लॉकबस्टर फिल्म का हिस्सा बन गया।

संगीतकार ने अपनी सफलता से पहले के संघर्षों के बारे में बताते हुए यह भी बताया कि यह गीत आखिरकार कैसे फिल्म मेकर संजय लीला भंसाली तक पहुंचा।

उन्होंने कहा, “यह उस समय की बात है, जब मुझे ‘हम दिल दे चुके सनम’ नहीं मिली थी। मैं किसी और बड़ी फिल्म के लिए इसका स्क्रैच वर्जन रिकॉर्ड कर रहा था।”

उन्होंने आगे कहा, “ ‘तड़प तड़प’ तो बननी ही थी। कुछ समय बाद संजय भंसाली ने मुझे बुलाया। लगभग 6 महीने तक काम चलता रहा। फिर जब मैंने उन्हें यह गाना सुनाया, तो उन्होंने मुझसे कहा था, ‘आज इस्माइल, मुझे पता चल गया कि मेरी फिल्म का इंटरवल कहां होगा और कहां एंड होगा। आज मैंने अपनी फिल्म पूरी कर ली।’”

इंडियन आइडल के अपकमिंग एपिसोड के सामने आए प्रोमो में प्रतियोगी मनराज वीर की प्रस्तुति से संगीतकार गीत की यादों में खोते नजर आएंगे। इस दौरान उन्होंने उस यादगार सफर को साझा किया, जिससे यह हिट गाना बना, साथ ही दिवंगत गायक केके से अपनी पहली मुलाकात को भी याद किया।

उन्होंने उस पल को याद करते हुए बताया, “जब मैं पहली बार यह गाना बना रहा था, तब मेरी पहली मुलाकात केके से हुई थी। मैंने उन्हें यह गाना सुनाया था। बांद्रा में ‘पर्पल हेज स्टूडियो’ है, वहीं मैंने इस गाने का स्क्रैच रिकॉर्ड किया था। और जब मैंने केके को गाना सुनाया, तो सोचिए उन्होंने सबसे पहला शब्द क्या कहा होगा?”

जज विशाल डडलानी ने तुरंत जवाब दिया, “उसने कहा होगा, ‘मैं यह कैसे गाऊंगा? यह तो मेरा स्टाइल ही नहीं है।’”

उनके इस सटीक अंदाजे से प्रभावित होकर इस्माइल दरबार ने कहा, “क्या बात है। मैं मान गया बॉस।”

उन्होंने बताया कि केके ने असल में क्या प्रतिक्रिया दी थी। इस्माइल दरबार ने कहा, “उसने पहला शब्द यही कहा था, ‘इस्माइल भाई, सबसे पहले तो यह मेरी स्टाइल का गाना नहीं है, इसलिए मैं इसे नहीं गा सकता।’”

इस्माइल दरबार ने बताया कि उन्हें पूरा भरोसा था कि केके की आवाज इस कंपोजिशन के लिए बिल्कुल सही है, इसलिए उन्होंने उन्हें समझाने की कोशिश की। उन्होंने बताया, “मैंने कहा, ‘यार केके, तुम्हारा काम सिर्फ गाना गाना है। मुझे तुम्हारी वोकल रेंज पता है। तुम्हारे लो नोट्स बहुत अच्छे हैं, मिडल रेंज भी शानदार है और हाई नोट्स भी तुम आसानी से लगा लेते हो। मुझे बस यही चाहिए। तुम्हें कैसे गवाना है, वह मेरा काम है, तुम्हारा नहीं। मैं तुमसे गवा लूंगा।’”

संगीतकार के अनुसार, केके ने थोड़ी हिचकिचाहट के बाद इस बात को स्वीकार कर लिया। इस्माइल दरबार ने बताया, “फिर वह हंसकर बोला, ‘देखो, बाद में मुझ पर गुस्सा मत करना। मैं पहले ही बता रहा हूं, मैं यह गाना नहीं गा सकता।’”

रिकॉर्डिंग से जुड़ी एक भावनात्मक याद साझा करते हुए उन्होंने कहा कि गाने का असर तुरंत महसूस हुआ। उन्होंने बताया, “जब मैंने उन्हें गाना सिखाया और उन्होंने रिकॉर्ड किया, तो यकीन मानिए, सबसे पहले केके की पत्नी इस गाने को सुनकर रो पड़ी थीं।”