पटना, 11 जून (आईएएनएस)। बिहार विधान परिषद की 10 सीटों (द्विवार्षिक चुनाव और एक उपचुनाव) में सभी 10 उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए। इनमें एनडीए के 9 और आरजेडी के 1 उम्मीदवार शामिल हैं। निर्वाचित उम्मीदवारों को विधानसभा परिसर में जीत का प्रमाण पत्र सौंपा गया।
जीत का प्रमाण पत्र मिलने के बाद निशांत कुमार ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा, “मुझ पर भरोसा करने के लिए मैं अपनी पार्टी का दिल से शुक्रिया अदा करता हूं। मैं उस भरोसे पर खरा उतरने और अपनी जिम्मेदारियों को ईमानदारी से निभाने की पूरी कोशिश करूंगा।”
उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में विकास कार्यों को तेज करने का संकल्प भी दोहराया।
जेडीयू नेता ललन प्रसाद ने कहा, “पार्टी की जिम्मेदारी पहले से ही दिख रही है। पूर्व मुख्यमंत्री, हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष और सम्मानित नेता नीतीश कुमार ने हमें यह जिम्मेदारी सौंपी है। मैं इसको अच्छे से निभाऊंगा और अपनी पार्टी को आगे ले जाने का काम करूंगा।”
भाजपा एमएलसी उम्मीदवार संजय मयूख ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का आभार जताते हुए कहा, “उन्होंने हम जैसे जमीनी कार्यकर्ताओं पर भरोसा जताया है। मैं पार्टी के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं का शुक्रगुजार हूं। मैं पार्टी और जनता के हित में हमेशा काम करूंगा।”
आरजेडी नेता सुनील कुमार सिंह ने विपक्ष की भूमिका पर जोर देते हुए कहा, “यह सिर्फ कागज का टुकड़ा नहीं है। यह सर्टिफिकेट हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव के विश्वास को दर्शाता है। हम सदन में किसानों, बेरोजगारों, अल्पसंख्यकों और दलितों के मुद्दों को मजबूती से उठाएंगे, भले ही हमारी संख्या मात्र 15 ही क्यों न हो। हम अपना पक्ष मजबूती से रखना जानते हैं।”
एलजेपी (राम विलास) नेता अशरफ अंसारी ने अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में कोई चुनौती बड़ी नहीं है।
बिहार सरकार में मंत्री श्रवण कुमार ने बिहार एमएलसी चुनाव पर कहा, “सभी को ढेर सारी शुभकामनाएं। बिहार की तरक्की, अमन और विकास के लिए काम करेंगे। नीतीश कुमार की जो सोच है, बिहार को शीर्ष 5 राज्यों में खड़ा करने का, उस सपने को हम साकार करेंगे। 10 लोगों को प्रमाण पत्र मिले हैं। एनडीए के 9 उम्मीदवार और आरजेडी के एक उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं।”

