Friday, June 12, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति टीएमसी में अंदरूनी कलह पर भाजपा का तंज, ममता बनर्जी की पार्टी...

टीएमसी में अंदरूनी कलह पर भाजपा का तंज, ममता बनर्जी की पार्टी में न तृण बचा है और न मूल

0
7

न्यूटाउन, 12 जून (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल की राजनीति में तृणमूल कांग्रेस के भीतर मतभेदों और बढ़ती अंदरूनी खींचतान को लेकर एक बार फिर ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोला है। भाजपा नेताओं शिशिर बाजोरिया और लॉकेट चटर्जी ने टीएमसी में फूट, सांसद कल्याण बनर्जी की विवादित टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए पार्टी के भविष्य पर सवाल खड़े किए।

भाजपा नेता शिशिर बाजोरिया ने आईएएनएस से कहा कि जिस राजनीतिक दल की नींव ही भ्रष्टाचार और चोरी पर आधारित हो, उसका भविष्य अधिक समय तक सुरक्षित नहीं रह सकता। टीएमसी का जनाधार लगातार कमजोर हुआ है और पार्टी अपने मूल स्वरूप से भटक चुकी है।

बाजोरिया ने बंगाल के राजनीतिक इतिहास का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य में कांग्रेस और वामपंथी दलों ने लंबे समय तक शासन किया, जबकि टीएमसी का प्रभाव अपेक्षाकृत कम समय में ही सीमित होता दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी के नाम में भले ही ‘तृणमूल’ शब्द हो, लेकिन अब उसमें न तो ‘तृण’ बचा है और न ही ‘मूल’। जनता का भरोसा पार्टी से उठ रहा है और राजनीतिक परिदृश्य में भाजपा ही एकमात्र मजबूत विकल्प के रूप में उभर रही है।

टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी की उस टिप्पणी पर भी बाजोरिया ने प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने कहा था कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को अभिषेक बनर्जी और कल्याण बनर्जी में से किसी एक को चुनना होगा। इस पर भाजपा नेता ने कहा कि पार्टी के भीतर नेतृत्व को लेकर असंतोष साफ दिखाई दे रहा है।

उन्होंने अभिषेक बनर्जी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता और प्रभाव में कमी आने के बाद उनका राजनीतिक व्यवहार बदल गया है। उन्‍होंने कहा कि टीएमसी के भीतर असंतोष इतना बढ़ चुका है कि पार्टी में लगातार टूट-फूट की स्थिति बनी हुई है।

टीएमसी के कांग्रेस में संभावित विलय की चर्चाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए बाजोरिया ने कहा कि भाजपा का मुख्य उद्देश्य पश्चिम बंगाल को विकास और सुशासन के रास्ते पर आगे बढ़ाना है। कौन-सी पार्टी भविष्य में अस्तित्व में रहेगी और कौन राजनीतिक रूप से कमजोर होगी, यह जनता तय करेगी। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि लोकतंत्र में मजबूत विपक्ष का होना आवश्यक है।

वहीं, भाजपा नेता लॉकेट चटर्जी ने भी टीएमसी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा को पहले से उम्मीद थी कि टीएमसी को राजनीतिक चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा, लेकिन पार्टी इतनी तेजी से अंदरूनी संकट में फंस जाएगी, इसकी कल्पना नहीं की गई थी।

कल्याण बनर्जी की टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए लॉकेट चटर्जी ने कहा कि यह पूरी तरह टीएमसी का आंतरिक मामला है और भाजपा का उससे कोई लेना-देना नहीं है।

उन्होंने कहा कि भाजपा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के विकास और जनकल्याण के एजेंडे पर काम कर रही है। चटर्जी ने कहा कि उनकी पार्टी का ध्यान राजनीतिक विवादों से अधिक विकासात्मक कार्यों और जनता की अपेक्षाओं को पूरा करने पर केंद्रित है।