Friday, June 12, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय अहमदाबाद विमान हादसे के बाद स्थिति को कैसे किया गया था मैनेज,...

अहमदाबाद विमान हादसे के बाद स्थिति को कैसे किया गया था मैनेज, नगर आयुक्त ने भयावह मंजर को किया याद

0
5

अहमदाबाद, 12 जून (आईएएनएस)। अहमदाबाद विमान हादसे के एक साल पूरे होने पर नगर आयुक्त बंछनिधि पाणि ने जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही बताया कि हादसे के बाद प्रशासन की तरफ से क्या कदम उठाए गए थे और कैसे स्थिति को मैनेज किया गया था।

आयुक्त बंछनिधि पाणि के मुताबिक, जैसे हमें हादसे के बारे में जानकारी मिली, तो प्रशासन की ओर से फौरन अग्निशमन विभाग, स्वास्थ्य विभाग और इंजीनियरिंग विभाग को घटनास्थल पर भेजकर स्थिति को हैंडल करने की कोशिश की गई। इस पूरी प्रक्रिया में केंद्र सरकार, राज्य सरकार और नगर निगम की काफी अहम भूमिका रही। तीनों ही ने पारस्परिक तालमेल का सहारा लेकर स्थिति को काबू में करने का प्रयास किया।

उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर 90 से ज्यादा एंबुलेंस और दमकल विभाग की 60 से ज्यादा गाड़ियों को भेजा गया। शवों को अस्पताल पहुंचाया गया। विमान हॉस्टल में घुस गया था, लिहाजा उसमें जो बच्चे थे, उन्हें भी अस्पताल पहुंचाया गया। हमने यह सुनिश्चित किया कि स्थिति को मैनेज करने में किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए। इस दिशा में नगर निगम की भूमिका काफी अहम रही।

नगर आयुक्त ने बताया कि किसी के भी जेहन में कोई सवाल नहीं रह जाए, इसके लिए जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को मृत्यु प्रमाण पत्र भी दिया गया। डीएनए सैंपलिंग की प्रक्रिया भी शुरू की गई, ताकि सभी लोगों की पहचान सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने बताया कि अत्यधिक मात्रा में फ्यूल होने की वजह से हादसा काफी भयावह रहा। इस वजह से ऐसी स्थिति पैदा हो गई। यह काफी दुर्भाग्यपूर्ण हादसा रहा जिसे याद कर आज भी रूह कांप जाती है। अग्निशमन विभाग, पुलिस और अन्य विभागों के लोगों ने स्थिति को मैनेज करने में काफी मदद की।